Maharashtra Top 10 News Updates: महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल से लेकर प्रशासनिक फैसलों और सड़क हादसों तक, राज्य में आज कई अहम घटनाक्रम सामने आए हैं। एक ओर शरद पवार के संभावित रुख और एनडीए से जुड़ी चर्चाओं को लेकर सियासी गलियारों में अटकलों का दौर जारी है, वहीं संजय राउत के आरोपों और महायुति के भीतर की खींचतान ने माहौल गरमा दिया है।
इसके अलावा पुणे हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे, मुंबई में विवादों और कार्रवाई, निवेशकों से जुड़े फैसले तथा केमिस्टों के विरोध ने भी सुर्खियां बटोरी हैं। दिनभर की इन सभी बड़ी खबरों का पूरा अपडेट पढ़ें राज्य की 10 खास खबरों में।
NCP के दानों गुटों ने सार्वजनिक मंचों से विलय की संभावनाओं को खारिज कर दिया है। हालांकि, एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा और दोनों एनसीपी गुटों के नेताओं के बीच हुई हालिया बातचीत से यह संकेत मिलता है कि सियासी गलियारों में विलय का दरवाजा भले ही बंद दिख रहा हो, लेकिन उस पर ताला नहीं लगा है।
पुणे जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया है। पुणे-अहिल्यानगर हाईवे पर वाघोली इलाके में विट्ठलवाड़ी आर्च के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात में हुए हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मुंबई के कुर्ला इलाके में स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में हुई मारपीट की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मामले में भाजपा नेता किरीट सोमैया ने BMC को पत्र लिखकर घटनास्थल के पास स्थित मदरसे और आसपास हुए कथित अनधिकृत निर्माणों की जांच की मांग की है। साथ ही किरीट सोमैया ने पीड़ितों से मुलाकात भी की
महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने पत्रकार परिषद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, संजय राऊत और रोहित पवार समेत विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हिंदुत्व, मुंबई के विकास, अलिबाग में जमीन के कथित व्यवहार, एसआरए परियोजनाओं और गन्ना किसानों की एफआरपी बकाया जैसे मुद्दों पर विपक्ष को घेरा।
जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (DCC Bank) के चुनाव ने महायुति के भीतर चल रही सियासी खींचतान को खुलकर सामने ला दिया है। उम्मीदवारों के नामांकन की वैधता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब भाजपा और शिंदे शिवसेना के दो विधायकों के बीच सीधे टकराव में बदल गया है।
नौसेना दिवस से ठीक पहले 2 दिसंबर को कोलाबा स्थित नेवी नगर में पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय वत्सायन मीडिया के सामने देश की समुद्री सुरक्षा और नौसेना की तैयारियों से जुड़े अहम मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
महाराष्ट्र के बहुचर्चित NSEL मामले में प्रभावित निवेशकों के लिए राहत की खबर सामने आई है। लंबे इंतजार और कानूनी प्रक्रिया के बाद यह मामला अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने CM फडणवीस को इस पूरे मामले की ताजा स्थिति और निपटारे के बारे में विस्तृत जानकारी दी है। इस फैसले के तहत राज्य के हजारों निवेशकों को न्याय मिला है और उनकी फंसी हुई रकम वापस मिलने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
पुणे पुलिस की विशेष शाखा ने वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रही थाईलैंड की 19 महिलाओं को हिरासत में लिया है। 20 नवंबर को कोरेगांव पार्क, मांजरी और मुंढवा में विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई। सभी महिलाओं को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुंबई समेत राज्य में दवा विक्रेताओं और एफडीए के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र स्टेट केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में हो रही कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन का दावा है कि मामूली तकनीकी गलतियों पर भी मेडिकल स्टोर सील किए जा रहे हैं और लाइसेंस तुरंत निलंबित हो रहे हैं।
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर संजय राउत और विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर आमने-सामने आ गए हैं। इस बार विवाद रायगढ़ जिले के अलीबाग तालुका के म्हात्रोली गांव में आदिवासी परिवारों के विस्थापन और जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर है। राउत के आरोपों पर राहुल नार्वेकर ने भी तीखा जवाब दिया है।