

Highlights:
महाराष्ट्र में एफडीए और दवा विक्रेताओं के बीच विवाद बढ़ गया है। एसोसिएशन ने आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में हो रही कार्रवाई का विरोध किया है।
संगठन का आरोप है कि मामूली तकनीकी गलतियों पर मेडिकल स्टोर सील किए जा रहे हैं और लाइसेंस तत्काल निलंबित किए जा रहे हैं।
एफडीए के 11 अगस्त 2026 के सर्कुलर के बाद लाइसेंस निलंबन या रद्द करने के आदेश तुरंत लागू होने का दावा किया गया है।
Mumbai FDA Action On Medical Stores: मुंबई समेत राज्य में दवा विक्रेताओं और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र स्टेट केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में हो रही कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन का दावा है कि मामूली तकनीकी गलतियों पर भी मेडिकल स्टोर सील किए जा रहे हैं और लाइसेंस तुरंत निलंबित हो रहे हैं।
एसोसिएशन के मुताबिक, इससे राज्य के करीब एक लाख दवा विक्रेताओं की रोजी-रोटी पर संकट गहरा गया है।अपील करने की मियाद खत्म कर दी गई इस विवाद की जड़ एफडीए का 11 अगस्त 2026 का सर्कुलर है। संगठन के अनुसार, इसके तहत लाइसेंस निलंबन या रद्द करने के आदेश तुरंत लागू हो रहे हैं। इससे पहले 29 अक्टूबर 2018 के सर्कुलर में अपील करने के लिए 90 दिन मिलते थे।
अब यह मियाद खत्म कर दी गई है, जिससे दुकानदारों को अपनी बात रखने का मौका लगभग नहीं बचा है। संगठन का आरोप है कि फार्मासिस्ट कुछ मिनट के लिए दुकान से बाहर चला जाए या किसी बिल पर दस्तखत छूट जाएं, तो भी सीलिंग और निलंबन की कार्रवाई हो रही है। कमी दूर करने के बाद निलंबन वापस लेने की व्यवस्था भी स्पष्ट नहीं है। केमिस्ट्स का कहना है कि नकली या मिलावटी दवा पर सख्ती का वे पूरा समर्थन करते हैं, लेकिन छोटी प्रशासनिक चूक पर इतनी कड़ी कार्रवाई उचित नहीं है।
गांवों और छोटे कस्बों को लेकर भी विता जताई गई है, जहां अवसर एक ही मेडिकल स्टोर होता है। यदि वह सील हुआ तो मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दवा मिलना मुश्किल हो सकता है। संगठन का यह भी आरोप है कि कुछ डॉक्टरों और ऑनलाइन दवा विक्रेताओं के गंभीर उल्लंघनों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
संगठन के अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे और महासचिव अनिल नवंदर ने चेतावनी दी है कि सर्कुलर वापस न हुआ तो आंदोलन तेज होगा। राज्यव्यापी बंद, दुकाने सिर्फ आठ घंटे खोलना और कानूनी लड़ाई जैसे कदम संभव है। एसोसिएशन ने 17 सितंबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और 2 नवंबर को एफडीए मंत्री नरहरी झिरवाल को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।