Chamorshi Bus Stand: चामोर्शी में महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) का नया बस स्टैंड सभी आवश्यक सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों के साथ लगभग 2 माह पहले तैयार हो चुका है। इसके बावजूद उद्घाटन की प्रतीक्षा में अब तक इसे जनता के लिए शुरू नहीं किया गया है। इससे यात्रियों में भारी नाराजगी है।
इस बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) ने प्रशासन को सात दिनों के भीतर बस स्टैंड शुरू करने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर जनता के हाथों इसका लोकार्पण किया जाएगा। बारिश के मौसम में भी यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर एसटी बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित बस स्टैंड तैयार होने के बावजूद उसे उपयोग में नहीं लाना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। स्थानीय नागरिकों द्वारा यह मुद्दा - शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के गड़चिरोली जिलाध्यक्ष पवन गेडाम के समक्ष उठाए जाने के बाद उन्होंने चामोर्शी पहुंचकर नागरिकों के साथ नए बस स्टैंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड पूरी तरह तैयार है, लेकिन केवल उद्घाटन की औपचारिकता के कारण उसे बंद रखा गया है।
इस अवसर पर पवन गेडाम ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की आलोचना करते हुए कहा कि जनता की बुनियादी सुविधाओं पर राजनीति करना बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय विधायक को उद्घाटन के लिए समय नहीं मिल रहा है, तो 7 दिनों के भीतर शिवसेना पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में बस स्टैंड का लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद किसी भी एसटी बस को पुराने बस स्टैंड पर खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर चक्का जाम आंदोलन भी किया जाएगा।
ये भी पढ़े: गड़चिरोली में महावितरण कार्यालय पर कांग्रेस का जोरदार मोर्चा; जबरन स्मार्ट मीटर थोपना बंद करने की मांग
उन्होंने प्रशासन से उद्घाटन को राजनीतिक मुद्दा न बनाते हुए नए बस स्टैंड को तत्काल जनता की सेवा में शुरू करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो शिवसेना व्यापक जनआंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी।