

Nagpur MSRTC Action Illegal Passenger Transport: महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) ने अवैध यात्री परिवहन पर रोक लगाने के लिए नागपुर संभाग में विशेष अभियान दोबारा शुरू कर दिया है। सुरक्षा एवं सतर्कता शाखा ने यातायात पुलिस के सहयोग से शहर और आसपास के बस स्टैंड क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। अभियान का उद्देश्य एसटी की यात्री सेवा को सुरक्षित रखना और राजस्व को होने वाले नुकसान पर रोक लगाना है।
अभियान के तहत गणेशपेठ, मोर भवन, कोंढाली, सावनेर, काटोल और कामठी बस स्टैंड क्षेत्रों में विशेष जांच की गई। एसटी प्रशासन ने बस स्टैंडों के 200 मीटर के दायरे को प्रभावी नो-पार्किंग जोन के रूप में लागू किया है, ताकि निजी वाहनों और अवैध यात्री परिवहन के कारण बसों के संचालन में बाधा न आए।
एसटी प्रशासन के अनुसार, मुख्य सुरक्षा एवं सतर्कता अधिकारी तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. प्रियंका नारनवरे के निर्देश पर 5 से 15 जून के बीच राज्यभर में विशेष अभियान चलाया गया था। इसके सकारात्मक परिणामों को देखते हुए 1 जुलाई से इस अभियान का दूसरा चरण फिर शुरू किया गया है। इसमें स्थानीय यातायात पुलिस और विभिन्न पुलिस थानों का सहयोग लिया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान गणेशपेठ बस स्टैंड क्षेत्र में 12, मोर भवन बस स्टैंड में 9, सावनेर में 7, काटोल में 2 और कामठी में 4 निजी वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 34 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 75 वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाई गई।
नागपुर क्षेत्र के वरिष्ठ सुरक्षा एवं सतर्कता अधिकारी धम्मरत्न डोंगरे के मार्गदर्शन में हिंगना स्थित केंद्रीय कार्यशाला की सुरक्षा एवं सतर्कता अधिकारी प्रणिता घोडीले, सुरक्षा निरीक्षक भरत भूपाल, उदय दमाये, सहायक सुरक्षा निरीक्षक जयश्री भोयर, अजिंक्य रहांगडाले, नचिकेत डवंगे और उज्ज्वल नाकतूरे सहित अन्य अधिकारियों ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
वरिष्ठ सुरक्षा एवं सतर्कता अधिकारी धम्मरत्न डोंगरे ने कहा कि एसटी की यात्री सेवाओं और राजस्व को प्रभावित करने वाले अवैध यात्री परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बस स्टैंडों के आसपास नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।