

Gadchiroli Congress Smart Meter Protest: स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता तत्काल रद्द करें, बढ़े हुए बिजली बिल कम करें तथा आम ग्राहकों पर अन्याय रोकने आदि प्रमुख मांगों को लेकर गड़चिरोली जिले के चामोर्शी के महावितरण कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी, तहसील युवक कांग्रेस, शहर युवक कांग्रेस व एनएसयूआई के संयुक्त तत्वावधान में आज गुरुवार को मोर्चा निकाला गया।
इस दौरान महावितरण कार्यालय के समक्ष रोष व्यक्त करते हुए उपकार्यकारी अभियंता देवगड़े को विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। मोर्चे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता के खिलाफ तथा बढ़े हुए बिजली बिल के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एड. विश्वजीत कोवासे समेत अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में यह आंदोलन किया गया। इस समय महेंद्र ब्राम्हणवाड़े, मनोहर पाटिल पोरेटी, प्रमोद भगत, निकेश गद्देवार, लोमेश बुरांडे, राजेश ठाकुर, नितेश राठौड़, वसंत राउत, गुरु सातपुते, राहुल वैरागड़े, प्रेमानंद गोंगले उपस्थित थे।
इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एड. विश्वजीत कोवासे ने कहा कि नागरिकों पर जबरन स्मार्ट मीटर लादने का सरकार का निर्णय तत्काल पीछे लिया जाए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी जनता के साथ लोकतंत्र के मार्ग से तीव्र आंदोलन करेगी, ऐसी चेतावनी भी एड. कोवासे ने इस समय दी।
इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार जनता के हित का विचार कर स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता तत्काल रद्द करे, बढ़ते बिजली बिल पर नियंत्रण लाए तथा बिजली ग्राहकों की समस्या तत्काल हल करने की मांग की गई। इस पर उपकार्यकारी अभियंता देवगड़े ने संबंधित मांगें वरिष्ठ स्तर पर भेजकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।