

Lucknow Airport Flight Emergency Landing: पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट बुधवार शाम खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। विमान की नोज क्षतिग्रस्त हो गई। उस समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ से विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। घटना के समय विमान में 150 यात्री सवार थे।
इंडिगो विमान (6E925) ने पटना एयरपोर्ट से बुधवार दोपहर 3:10 बजे उड़ान भरी थी। इसी विमान को 6E6968 के रूप में शाम 5:05 बजे लखनऊ से अहमदाबाद जाना था। एयरपोर्ट खबरों के मुताबिक, 17 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान के बिजली की चपेट में आने की घटना हुई।
इसके बाद विमान शाम 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा, जबकि इसे शाम 4:20 बजे पहुंचना था। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित रहे। वहीं, तकनीकी दिक्कत आने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। यात्रियों के लिए इंडिगो ने दूसरे विमान का इंतजाम किया। इसके बाद उस विमान से सभी यात्रियों को शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया। इंजीनियरों की टीम खराब हुए विमान की जांच कर रही है।
आंधी-तूफान के चलते 19 जून, 2026 को कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े एक इंडिगो विमान (6E6068) पर बिजली गिर गई थी। हालांकि, इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ था। विमान में सवार सभी 141 यात्रियों और 6 क्रू सदस्यों को उतार लिया गया था। बाद में उन्हें दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया था।
आमतौर पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने पर विमान को बहुत कम नुकसान पहुंचता है। दरअसल, विमान की बाहरी सतह इस तरह बनाई जाती है कि करंट बाहर से ही गुजर जाए। कई मामलों में सिर्फ छोटे निशान या छोटे छेद दिखाई देते हैं। हालांकि, बिजली की चपेट में आने के बाद विमान की तकनीकी जांच की जाती है।