रोहित पठारे के परिजनों से मुलाकात करते कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल फोटो नवभारत
छत्रपति संभाजीनगर

रोहित पठारे हत्याकांड: महाराष्ट्र सरकार पर भड़के हर्षवर्धन सपकाल, एसआईटी जांच पर उठाए गंभीर सवाल

Rohit Pathare Murder Case: वैजापुर में रोहित पठारे हत्याकांड को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मौजूदा SIT पर सवाल उठाए। उन्होंने वरिष्ठ IPS अधिकारी के नेतृत्व में नई जांच की मांग की।

शफीउल्ला हुसैनी, आकाश मसने

Highlights

  • वैजापुर में रोहित पठारे हत्याकांड को लेकर कांग्रेस के सख्त तेवर

  • कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने एसआईटी जांच पर उठाए सवाल

  • सपकाल ने गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा

Harshwardhan Sapkal On Rohit Pathare Murder Case: छत्रपति संभाजीनगर जिले के वैजापुर के रोहित पठारे हत्याकांड ने महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्हें कानून और पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। भाजपा सरकार के शासन में दलित और पिछड़ा वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। राज्य में पुलिस व्यवस्था का प्रभाव समाप्त होता दिखाई दे रहा है। यह तीखा हमला कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मंगलवार को रोहित पठारे के परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में किया।

हर्षवर्धन सपकाल ने मौजूदा एसआईटी की जांच पर सवाल उठाते हुए उसे भंग करने और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में नई एसआईटी गठित करने की मांग की।

गृह विभाग पर मुख्यमंत्री की पकड़ नहीं: सपकाल

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि रोहित पठारे की हत्या बेहद क्रूर और वीभत्स तरीके से की गई। हत्या का तरीका बीड जिले के मस्साजोग के सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड की याद दिलाता है। मराठवाड़ा ही नहीं, बल्कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में इस तरह की घटनाएं सामने आना कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उजागर करता है।

उन्होंने गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए गृह विभाग जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री फडणवीस का गृह विभाग पर नियंत्रण दिखाई नहीं देता। अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो गया है। गुंडों की इतनी हिम्मत कैसे बढ़ रही है कि वे इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं?

सपकाल ने कहा कि पुलिस का आदर्श वाक्य 'सद्रक्षणाय खलनिग्रहणाय' है, लेकिन मौजूदा हालात देखकर ऐसा लगता है कि महाराष्ट्र पुलिस की कार्यप्रणाली इस आदर्श के विपरीत होती जा रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी जांच पर सवाल

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि रोहित पठारे हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी जरूर हुई है, लेकिन केवल गिरफ्तारी से न्याय मिलने की उम्मीद पूरी नहीं होती। पीड़ित परिवार ने पुलिस को जो जानकारी दी और स्थानीय पुलिस ने जिस तरह कार्रवाई की, उनमें समानता नजर नहीं आती। जांच सही दिशा में आगे बढ़ती दिखाई नहीं दे रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत देने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई। यही वजह है कि पठारे परिवार स्थानीय पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं है। परिवार के मन में कई सवाल और संदेह हैं, जिनका समाधान होना आवश्यक है।

जांच में बाहरी अधिकारियों और महिला अफसरों को मिले जिम्मेदारी

हर्षवर्धन सपकाल ने मांग की कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस गंभीर घटना की जिम्मेदारी स्वीकार करें और मौजूदा एसआईटी को तत्काल भंग कर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में नई विशेष जांच टीम गठित करें। जांच दल में वैजापुर के बाहर के अनुभवी अधिकारियों के साथ महिला पुलिस अधिकारियों को भी शामिल किया जाए, ताकि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जांच की प्रत्येक महत्वपूर्ण प्रगति से पीड़ित परिवार को अवगत कराया जाए। परिवार की ओर से उठाए जा रहे सवालों और संदेहों का संतोषजनक जवाब दिया जाए। रोहित पठारे के परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।

कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ पहुंचे सपकाल

इससे पहले हर्षवर्धन सपकाल ने रोहित पठारे के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान सांसद कल्याण काले, जिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण पाटील डोणगांवकर, राजाभाऊ देशमुख सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। परिवार से बातचीत के बाद सपकाल ने सरकार से मामले को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच के आधार पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

छठ के बाद घर लौटने की टेंशन खत्म! बिहार से दिल्ली-मुंबई समेत कई शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट

सुप्रीम कोर्ट ने संजय राउत को लगाई फटकार, कहा- माफी दिमाग से नहीं, दिल से आनी चाहिए

भारत समिट विवाद: सुप्रीम कोर्ट में याचिका, विदेशी नेता के वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे की SIT जांच की मांग

कोलकाता में आज से सागर सुरक्षा 2026 का आगाज, तटीय सुरक्षा मजबूत करने के लिए जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ अधिकारी

रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज को प्यार के जाल में कैसे फंसाया? कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी