अजित पवार की मौत पर 8 महीने बाद भी सवाल? शरद पवार गुट के नेता एकनाथ खडसे ने की CBI जांच की मांग

Eknath Khadse On Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार के निधन के आठ महीने बाद भी जांच पूरी न होने पर विपक्ष ने सरकार को घेरा। शरद पवार गुट के नेता एकनाथ खडसे ने CBI जांच की मांग की।
Eknath Khadse On Ajit Pawar Plane Crash
एकनाथ खडसेसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • एकनाथ खडसे ने अजित पवार विमान हादसे की जांच में हो रही देरी पर जताई चिंता

  • सरकार से खुद आगे आकर CBI जांच की घोषणा करने की मांग की है

  • खडसे बोले अजित पवार की मौत पर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए।

Eknath Khadse CBI Probe Demand Ajit Pawar Death Case: दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत का मामला एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति के केंद्र में आ गया है। घटना के करीब 8 महीने बाद भी जांच का अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आने पर विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेता एवं विधायक एकनाथ खडसे ने इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है।

इससे एक दिन पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने अजित पवार को न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया है। दोनों नेताओं के बयानों से इस मामले पर राजनीतिक सरगर्मी फिर बढ़ गई है।

खडसे का सवाल- सरकार खुद CBI जांच की घोषणा क्यों नहीं करती?

शरद पवार गुट के नेता और विधायक एकनाथ खडसे ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण राजनीतिक नेता की मौत के करीब आठ महीने बाद भी जांच का ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आना चिंता का विषय है। इससे लोगों के मन में संदेह पैदा होना स्वाभाविक है। अजित पवार की मौत विमान हादसे में हुई या इसके पीछे किसी तरह की साजिश थी, इस बारे में उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।

खडसे ने सवाल किया कि सरकार खुद आगे आकर इस मामले की CBI जांच की घोषणा क्यों नहीं करती? पारदर्शी जांच से ही लोगों के मन में बना संशय दूर हो सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी, तब तक इन सवालों पर विराम लगना मुश्किल है।

Eknath Khadse On Ajit Pawar Plane Crash
रोहित पवार के मफलर मैन वाले खुलासे पर पहली बार बोलीं सुप्रिया सुले, CM फडणवीस को लेकर कही ये बड़ी बात

रोहित पवार ने विमान कंपनी के मालिक के लेन-देन पर उठाए सवाल

दूसरी ओर, विधायक रोहित पवार ने भी मामले की जांच और न्याय के लिए अपना संघर्ष जारी रखने की बात कही। उन्होंने वीएसआर विमान कंपनी के मालिक वीके सिंह के कथित कारोबारी लेन-देन पर सवाल उठाए।

रोहित पवार के दावे के मुताबिक, अजित पवार की मौत के महज दो दिन बाद वीके सिंह ने अमेरिका के फ्लोरिडा में एक आलीशान बंगला खरीदा था। उन्होंने इस खरीद के समय और उसके पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की है।

‘मफलर मैन’ को लेकर भी उठाए सवाल

मामले में चर्चा में आए ‘मफलर मैन’ की पहचान को लेकर भी रोहित पवार ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कथित आरोपियों को मिल रहे संरक्षण पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, ये आरोप रोहित पवार की ओर से लगाए गए हैं।

Eknath Khadse On Ajit Pawar Plane Crash
सुप्रीम कोर्ट ने संजय राउत को लगाई फटकार, कहा- माफी दिमाग से नहीं, दिल से आनी चाहिए

अब सरकार के फैसले पर नजर

एकनाथ खडसे की CBI जांच की मांग और रोहित पवार के लगातार हमलों से अजित पवार की मौत का मामला फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में है। जांच में देरी, विमान कंपनी के मालिक से जुड़े सवाल और ‘मफलर मैन’ की पहचान जैसे मुद्दों पर सरकार की भूमिका को लेकर विपक्ष जवाब मांग रहा है। अब देखना होगा कि सरकार CBI जांच की मांग पर क्या रुख अपनाती है और जांच के अंतिम निष्कर्ष कब तक सामने आते हैं।

- नवभारत लाइव के लिए जलगांव से वाहिद काकर की रिपोर्ट