Chhatrapati Sambhajinagar Water Supply Cut: छत्रपति संभाजीनगर शहरवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,400 मिलीमीटर व्यास की मुख्य जलवाहिनी की अत्यावश्यक मरम्मत के साथ नई 700 मिलीमीटर व्यास की जलवाहिनी को मुख्य जलवाहिनी से जोड़ने का काम किया जाएगा।
इसके कारण 9 अक्टूबर सुबह 7 बजे से 10 अक्टूबर सुबह 7 बजे तक लगातार 24 घंटे शहर की जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। महानगरपालिका ने नागरिकों से जलापूर्ति बंद होने से पहले आवश्यकता के अनुसार पानी का भंडारण करने और मरम्मत अवधि में पानी का अपव्यय रोकने की अपील की है।
शहर को पानी उपलब्ध कराने वाली 1,400 मिलीमीटर व्यास की मुख्य जलवाहिनी में खराबी आई है। इसकी तत्काल मरम्मत करना आवश्यक है। इसी के साथ जोवीपीआर कंपनी की ओर से बिछाई गई नई 700 मिलीमीटर व्यास की जलवाहिनी को मुख्य जलवाहिनी से जोड़ने का काम भी किया जाएगा।
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने दोनों कार्यों को एक साथ पूरा करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मुख्य जलवाहिनी से होने वाली जलापूर्ति को 24 घंटे के लिए पूरी तरह रोकना पड़ेगा। नई जलवाहिनी को मुख्य जलवाहिनी से जोड़ना शहर की भविष्य की जलापूर्ति व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे मुख्य जलवाहिनियों पर पड़ने वाला दबाव कम करने और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक सक्षम तथा सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। महानगरपालिका के अनुसार, यह कार्य पूरा होने के बाद शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा।
आवश्यकता से अधिक पानी संग्रहित न करें, लेकिन परिवार की जरूरी जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी पहले से सुरक्षित रखें। साथ ही पानी का अनावश्यक उपयोग और अपव्यय पूरी तरह रोकें महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता डी.पी. गायकवाड़ ने बताया कि मुख्य जलवाहिनी की खराबी दूर करने तथा नई जलवाहिनी को जोड़ने का कार्य शहर की जलापूर्ति को भविष्य में अधिक सक्षम बनाने के लिए आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से यह कार्य निर्धारित अवधि में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने नागरिकों को आगाह किया है कि 24 घंटे बाद जलापूर्ति शुरू होने के बावजूद अगले एक से दो दिनों तक कुछ क्षेत्रों में पानी देर से पहुंच सकता है अथवा कम दबाव से आपूर्ति हो सकती है।
इसलिए नागरिकों को पहले से पर्याप्त पानी संग्रहित रखने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से जिन क्षेत्रों में सामान्य रूप से जलापूर्ति कम दबाव से होती है, वहां अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी। जलापूर्ति विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मरम्मत कार्य की अवधि में प्रशासन का सहयोग करें।
9 अक्टूबर सुबह 7 बजे से 10 अक्टूबर सुबह 7 बजे तक।
कुल अवधि: 24 घंटे,
एक से 2 दिनों तक कुछ क्षेत्रों में विलंब से जलापूर्ति
कम दबाव से जलापूर्ति की संभावना