ट्रैवल्स बस से मिठाई जब्त  (सोर्सः सोशल मीडिया)
छत्रपति संभाजीनगर

Sambhajinagar: त्योहार से पहले 4.7 टन संदिग्ध मिठाई जब्त, अहमदाबाद से दो ट्रैवल्स बसों में पहुंचा था माल

Suspicious Sweets Seized: छत्रपति संभाजीनगर में FDA ने अहमदाबाद से ट्रैवल्स बसों के जरिए आई 4,765 किलो संदिग्ध मिठाई, खवा और खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 7.61 लाख रुपए है।

शफीउल्ला हुसैनी, आंचल लोखंडे

Chhatrapati Sambhajinagar FDA Action: त्योहारों से पहले शहर में बाहर से पहुंच रही मिठाई और खवा की संदिग्ध खेप पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सह आयुक्त श्रीकांत करकले ने सोमवार को दी।

जानकारी के अनुसार, ‘सुरक्षित खाद्य, सुरक्षित महाराष्ट्र’ अभियान के तहत 20 सितंबर की शाम शाहनूरमियां दरगाह चौक स्थित डी-मार्ट के पास ट्रैवल्स पार्किंग परिसर में कार्रवाई कर कुल 4,765 किलोग्राम संदिग्ध मिठाई, खवा और खवा आधारित खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। जब्त माल की कुल कीमत 7 लाख 61 हजार 756 रुपए है। अहमदाबाद से आई ट्रैवल्स बसों की जांच के दौरान यह माल पकड़ा गया। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

ट्रैवल्स बस से मिठाई जब्त

गोपनीय सूचना पर पहुंची टीम, बसों की तलाशी

सह आयुक्त करकले ने बताया कि, मुंबई से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने यह कार्रवाई की। सूचना के बाद अधिकारियों ने शाहनूरमियां दरगाह चौक के निकट ट्रैवल्स पार्किंग परिसर में निगरानी शुरू की। अहमदाबाद से आने वाली बसों की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिले।

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वर्षा रोडे, कीर्तिका झाड़े और योगेश चिभाड़े की टीम शामिल थी। अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य पदार्थों को तत्काल अपने कब्जे में लेकर उनकी विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी की।

नीलकंठ ट्रैवल्स से 2,079 किलो माल

पहली कार्रवाई नीलकंठ ट्रैवल्स की बस क्रमांक AR 01 AR 5135 पर की गई। अहमदाबाद से आई इस बस में बिक्री के लिए लाए गए संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिले। प्रशासन ने 2,079 किलोग्राम माल जब्त किया, जिसकी कीमत 3 लाख 55 हजार 500 रुपए बताई गई है। इस खेप में मीठा संघनित दूध जैसा पदार्थ और स्वीट हलवा शामिल था। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है।

वीर ट्रैवल्स से 1,612 किलो मिठाई

दूसरी कार्रवाई वीर ट्रैवल्स की बस क्रमांक AR 02 C 7878 पर की गई। इस बस से 1,612 किलोग्राम संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसकी कीमत 2 लाख 49 हजार 236 रुपए बताई गई है। इस खेप में प्रीमियम डेजर्ट, स्वीट हलवा, रिच स्वीट डिलाइट और पारंपरिक मिठाई जैसे खाद्य पदार्थ पाए गए। अधिकारियों ने इनके भी नमूने सुरक्षित कर जांच के लिए भेजे हैं।

एक अन्य खेप में 1,074 किलो माल

इसी अभियान के दौरान एक अन्य खेप से 1,074 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 1 लाख 67 हजार 20 रुपए है। इसमें विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, मीठा संघनित दूध जैसा पदार्थ, अनाज एवं स्टार्च आधारित मिठाई तथा खवा आधारित हलवा शामिल था। इस प्रकार कार्रवाई में जब्त की गई कुल संदिग्ध खाद्य सामग्री 4,765 किलोग्राम और उसकी कुल कीमत 7,61,756 रुपए बताई गई है।

नमूने प्रयोगशाला भेजे, शीतगृह में रखा माल

खाद्य सुरक्षा अधिकारी वर्षा रोडे ने जब्त खाद्य पदार्थों के विधिसम्मत नमूने लेकर विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। शेष माल को मराठवाड़ा कोल्ड स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड में शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सीलबंद कर सुरक्षित रखा गया है।

सह आयुक्त श्रीकांत करकले के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही खाद्य पदार्थों की वास्तविक गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों से पहले बढ़ाई निगरानी

त्योहारों के दौरान मिठाई, खवा और दूध से बने खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में बाहर से शहर में आने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। ट्रैवल्स बसों के जरिए आने वाले खाद्य पदार्थों की जांच भी अभियान का हिस्सा है। सह आयुक्त श्रीकांत करकले ने कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित और मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। संदिग्ध अथवा मानकविहीन खाद्य पदार्थों की आपूर्ति या बिक्री की पुष्टि होने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

IIT में क्यों टूट रही छात्रों की सांसें? 20 साल में 171 मौतें, क्या डिप्रेशन और तनाव से जूझ रहे हैं IITian

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में 105 बार चोरी हुई, CCTV से खुला राज; 25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल करेगी SIT

जमुई छात्रा से छेड़खानी! वायरल VIDEO के बाद महिला आयोग सख्त; SP को दिए गिरफ्तारी के निर्देश

भारत-न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड समझौते को हरी झंडी, दशहरा पर 20 अक्टूबर से होगा लागू; पीयूष गोयल ने की घोषणा

Asian Games में इतिहास रचने वाली सुचिका को राष्ट्रपति मुर्मू समेत कई नेताओं ने दी बधाई, जज्बे को किया सलाम