

Asian Games 2026 MMA: जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में कांटे की टक्कर वाले मुकाबले के बाद वजन से जुड़े एक विवादित फैसले से सुचिका तारियाल का दिल टूट गया। हालांकि, इस भारतीय फाइटर ने सोमवार को इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के 20वें संस्करण में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में देश का पहला एशियाई खेल पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
सुचिका ने कहा, "मैं मुकाबले को लेकर थोड़ी निराश हूं क्योंकि मुझे लगता है कि जीत मेरे पक्ष में होनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मैं ब्रॉन्ज मेडल जीतने और अपने देश के लिए पदक हासिल करने से खुश हूं।"
सुचिका तरियाल की उपलब्धि पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "एशियाई खेल 2026 में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचने पर आपको, सुचिका तरियाल, बधाई। इन खेलों में MMA की शुरुआत के साथ, यह उपलब्धि भारतीय खेल जगत के लिए खास महत्व रखती है। मैं आपके निरंतर सफल होने और भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने की कामना करती हूं।"
किरेन रिजिजू ने सुचिका तरियाल की प्रशंसा करते हुए उनके मुकालबे का वीडियो भी साझा किया। उन्होंने लिखा, "MMA में भारत का पहला एशियाई खेल मेडल। एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के ट्रेडिशनल-60 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सुचिका तरियाल को बधाई। एशियाई खेलों में MMA की शुरुआत के साथ ही, सुचिका ने MMA में भारत की पहली एशियाई खेल मेडलिस्ट के तौर पर इतिहास रच दिया है।"
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी सुचिका को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "एशियाई खेल 2026 में महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किग्रा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सुचिका तरियाल को बहुत-बहुत बधाई। आपके लड़ने के जज्बे और दृढ़ संकल्प ने देश का मान बढ़ाया है। जय हिंद!"
वहीं ओम बिरला ने सुचिका की जीत को ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने लिखा, भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के लिए एक ऐतिहासिक पल। एशियाई खेल 2026 में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) की महिलाओं की ट्रेडिशनल-60 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सुचिका तरियाल को बहुत-बहुत बधाई।"
ओम बिरला ने आगे लिखा, "एक शानदार शुरुआत, एक ऐतिहासिक मेडल और भारत के लिए गर्व का पल। सुचिका की यह उपलब्धि भारतीय MMA के लिए एक अहम पड़ाव है और यह खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। बधाई हो, सुचिका! यह ऐतिहासिक मेडल भविष्य में आने वाली कई और उपलब्धियों की शुरुआत बने।"
सुचिका तारियाल ने सोमवार को भारत के लिए इतिहास रच दिया। सुचिका एशियन गेम्स में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में देश के लिए मेडल जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। सुचिका ने पारंपरिक 60 किलोग्राम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम किया।
सुचिका का ऐतिहासिक कैंपेन सेमीफाइनल में खत्म हो गया, जहां उन्हें सिंगापुर की हुई हून टीओ से एक करीबी हार मिली, जो ओवरटाइम तक चली। भारतीय खिलाड़ी बहुत कम अंतर से हारी, जिससे गोल्ड-मेडल मुकाबले तक पहुंचने की उनकी उम्मीदें खत्म हो गईं, लेकिन एमएमए के एशियन गेम्स डेब्यू में उन्होंने पोडियम पर अपनी जगह पक्की कर ली।