Chhatrapati Sambhajinagar Railway Underpas: राज नगर-मुकुंदनगर क्षेत्र के नागरिकों की रोजाना आवाजाही की समस्या को स्थायी रूप से हल करने के लिए प्रस्तावित रेलवे अंडरपास के स्थल का सोमवार को रेलवे व मनपा अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
सांसद डॉ. कल्याण काले की मौजूदगी में हुए निरीक्षण के दौरान अंडरपास के लिए उपलब्ध जगह, नक्शा, चौड़ाई व अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली गई।
आगे की प्रक्रिया के लिए मनपा आयुक्त के कक्ष में रेलवे व मनपा अधिकारियों की संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित करने के निर्देश सांसद काले ने दिए। इस मार्ग से रोजाना राज नगर व मुकुंद नगर क्षेत्र के हजारों नागरिकों के अलावा कामगार व स्कूली विद्यार्थी गुजरते हैं।
राज नगर और मुकुंदनगर क्षेत्र के नागरिकों को रेलवे पटरियों के कारण रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे मार्ग से ट्रेनों की आवाजाही के दौरान यातायात बाधित होने से कई बार सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
इससे स्थानीय नागरिकों के साथ ही कामगारों और स्कूली विद्यार्थियों को भी समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत होती है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब रेलवे अंडरपास निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू की गई है।
अंडरपास बनने से यातायात सुचारु होने और नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसी के तहत रेलवे विभाग व छत्रपति संभाजीनगर मनपा प्रशासन के अधिकारियों ने प्रस्तावित अंडरपास स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थल का नक्शा, उपलब्ध चौड़ाई व अंडरपास निर्माण के लिए चर्चा की।
स्थल निरीक्षण के जरिए जरूरी बिंदुओं को तय करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर भाऊसाहेब जगताप, अशोक डोलस, मोहन सालवे, प्रकाश सानप, शुभम सालवे, लखन नाडे, सतीश चाबुकस्वार, वसंत शेलके, गिरी, रेलवे अधिकारी नामदेव आदि उपस्थित थे।
नागरिकों की यह समस्या लंबे समय तक लंबित न रहे, इसके लिए अगली तत्काल शुरू करने के निर्देश सांसद डॉ. कल्याण काले ने अधिकारियों को दिए। उन्होंने मनपा आयुक्त के कक्ष में रेलवे व मनपा अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर अंडरपास से संबंधित मुद्दे जल्द सुलझाने के भी निर्देश दिए।