जिला बैंक चुनाव में बन सकती है सहमति की राह, सभी दल साथ आए तो निर्विरोध चुनाव पर होगी चर्चा: सांसद कल्याण काले

Chhatrapati Sambhajinagar जिला सहकारी बैंक चुनाव में महाविकास आघाड़ी और महायुति आमने-सामने हैं। सांसद Kalyan Kale ने किसानों और बैंक हित में निर्विरोध चुनाव की संभावना जताई है।
chhatrapati sambhajinagar district cooperative bank election updates
कांग्रेस सांसद कल्याण काले (सोर्सः फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Sambhajinagar District Cooperative Bank Election को लेकर जिले की राजनीति पूरी तरह सक्रिय हो गई है। महाविकास आघाड़ी और महायुति के प्रमुख नेताओं द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के बाद चुनावी मुकाबला प्रतिष्ठा का विषय बनता दिखाई दे रहा है। हालांकि इस बीच कांग्रेस सांसद कल्याण काले ने संकेत दिए हैं कि यदि सभी प्रमुख राजनीतिक दल और नेता एकमत होते हैं तो बैंक और किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए चुनाव निर्विरोध कराने की संभावना पर भी चर्चा की जा सकती है।

शुक्रवार को जिला बैंक परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद काले ने कहा कि बैंक का संचालन किसानों और सहकार क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। ऐसे में यदि सभी पक्षों की सहमति बनती है और इससे बैंक तथा किसानों का हित सधता है, तो निर्विरोध चुनाव का विकल्प भी विचार योग्य है। इसके लिए सभी दलों के नेताओं को एक साथ बैठकर चर्चा करनी होगी।

महायुति और महाविकास आघाडी के बीच सीधा मुकाबला

सांसद काले ने बताया कि महाविकास आघाड़ी की ओर से तालुका स्तर की सभी 20 सीटों पर उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल किए गए हैं। इसी प्रकार महायुति ने भी अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। ऐसे में चुनाव मुख्य रूप से महाविकास आघाड़ी और महायुति के बीच होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पहले जिला बैंक चुनावों में राजनीतिक दलों का प्रभाव सीमित रहता था। उस समय सहकार क्षेत्र में कांग्रेस का वर्चस्व था और बैंक का संचालन भी उसी के प्रभाव में होता था। बाद में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेताओं की भागीदारी बढ़ी, जबकि पिछले कार्यकाल में भारतीय जनता पार्टी ने भी सहकार क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

नेताओं के बीच हुई प्रारंभिक चर्चा

काले ने बताया कि बैंक परिसर में भाजपा नेता अतुल सावे, सांसद संदीपान भुमरे, पालकमंत्री संजय शिरसाट और अन्य नेताओं के साथ चुनाव को लेकर सामान्य चर्चा हुई। इस दौरान यह भी विचार सामने आया कि क्या सभी पक्षों की सहमति से चुनाव निर्विरोध कराया जा सकता है।उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई प्रस्ताव किसानों और बैंक के हित में सामने आता है तो महाविकास आघाड़ी को उस पर कोई आपत्ति नहीं होगी। हालांकि इसके लिए सभी दलों का सकारात्मक रुख जरूरी है।

8 जून की जांच प्रक्रिया के बाद तस्वीर होगी स्पष्ट

सांसद कल्याण काले ने कहा कि 8 जून को नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद यह स्पष्ट होगा कि कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने रहते हैं और विभिन्न राजनीतिक दलों की आगे की रणनीति क्या होगी। उसी के आधार पर यह तय होगा कि चुनाव निर्विरोध कराने की संभावना बनती है या फिर मुकाबला सीधे चुनावी मैदान में होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल सभी विकल्प खुले हैं, लेकिन अंतिम निर्णय नामांकन जांच और राजनीतिक दलों के बीच होने वाली आगामी चर्चाओं के बाद ही सामने आएगा। जिला बैंक चुनाव को लेकर जिले के राजनीतिक और सहकारी क्षेत्र में उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com