संभाजीनगर महावितरण फीडर प्रोजेक्ट में 11.38 करोड़ का फ्रॉड सोर्स: सोशल मीडिया
छत्रपति संभाजीनगर

छत्रपति संभाजीनगर में महावितरण प्रोजेक्ट के नाम पर 11.38 करोड़ की ठगी! हैदराबाद की कंपनी के 3 संचालकों पर FIR

Sambhajinagar Mahavitaran Fraud: महावितरण के जालना फीडर पृथक्करण कार्य में 11.38 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज। 8.48 करोड़ के बिल और बिजली सामग्री बकाया रखने का आरोप।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • छत्रपति संभाजीनगर में महावितरण के प्रोजेक्ट में 11.38 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का आरोप।

  • 8.48 करोड़ के बिल बकाया और 1.86 करोड़ की बिजली सामग्री नहीं लौटाने की शिकायत।

  • हैदराबाद की कंपनी के तीन संचालकों पर जवाहर नगर थाने में केस दर्ज।

Sambhajinagar 11.38 Crore Fraud Mahavitaran Feeder Project: महावितरण के जालना विभाग में गांवठाण फीडर पृथक्करण कार्य के लेन-देन में 11.38 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। छत्रपति संभाजीनगर की अनुकूल पावर इंजीनियर्स कंपनी की शिकायत पर हैदराबाद की विश्वनाथ प्रोजेक्ट लिमिटेड के तीन संचालकों के खिलाफ जवाहर नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

महावितरण के काम में करोड़ों की कथित धोखाधड़ी

छत्रपति संभाजीनगर में महावितरण के गांवठाण फीडर पृथक्करण कार्य के नाम पर करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन में कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जालना विभाग में किए गए इस प्रोजेक्ट को लेकर छत्रपति संभाजीनगर की अनुकूल पावर इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि काम के बिल, बिजली सामग्री और बैंक गारंटी की रकम मिलाकर कंपनी को करीब 11.38 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।

जवाहर नगर पुलिस थाने में तेलंगाना की विश्वनाथ प्रोजेक्ट लिमिटेड के तीन संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों में हैदराबाद निवासी कोमारवेल्ली शिवाकुमार, दारापुनेनी मुरली और कोमारवेल्ली नंदिश्वर शामिल हैं।

2023 में हुआ था समझौता

पुलिस निरीक्षक सचिन कुंभार के अनुसार, अनुकूल पावर इंजीनियर्स के संचालक अजीत देशपांडे ने शिकायत में बताया कि महावितरण के जालना विभाग में गांवठाण फीडर पृथक्करण का काम विश्वनाथ प्रोजेक्ट लिमिटेड को मिला था। विश्वनाथ प्रोजेक्ट के तत्कालीन महाप्रबंधक महेश हासोरीकर ने इस काम में अनुकूल पावर को शामिल करने के लिए दोनों कंपनियों के संचालकों की बैठक कराई थी।

बातचीत के बाद 17 अक्टूबर 2023 को दोनों कंपनियों के बीच समझौता हुआ। इसके तहत अनुकूल पावर ने महावितरण के पास 2 करोड़ 34 लाख 25 हजार 750 रुपये की परफॉर्मेंस बैंक गारंटी जमा की और परियोजना में करीब 12 करोड़ रुपये का निवेश किया।

एस्क्रो खाता नहीं खुलने का आरोप

समझौते के अनुसार, महावितरण से मिलने वाली राशि एक निर्धारित एस्क्रो खाते में जमा होनी थी। इसमें से 95.63 प्रतिशत राशि अनुकूल पावर और 4.37 प्रतिशत राशि विश्वनाथ प्रोजेक्ट को मिलनी थी।

शिकायत के मुताबिक, निर्धारित एस्क्रो खाता शुरू ही नहीं किया गया। इसके बजाय विश्वनाथ प्रोजेक्ट ने महावितरण से मिलने वाली रकम पहले आईसीआईसीआई बैंक और बाद में हैदराबाद स्थित स्टेट बैंक के खातों में जमा कराई। इससे अनुकूल पावर का वित्तीय लेन-देन पर नियंत्रण नहीं रहा।

8.48 करोड़ के बिल और सामग्री बकाया

शिकायत में बताया गया है कि परियोजना के लिए कुल 25.19 करोड़ रुपये का भुगतान निर्धारित था। इसमें से 16.71 करोड़ रुपये मिलने के बाद शेष 8.48 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया। इसके अलावा काम के लिए दी गई 1.30 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रिकल सामग्री और अंबड स्थित गोदाम में रखी करीब 56 लाख रुपये की सामग्री भी वापस नहीं लौटाने का आरोप है।

बैंक गारंटी के रूप में जमा 2.34 करोड़ रुपये की राशि भी निष्प्रभावी नहीं कराए जाने से कंपनी को नुकसान होने की शिकायत की गई है।

लाइसेंस रद्द होने के बाद भी काम जारी रखने का आरोप

पुलिस के अनुसार, विश्वनाथ प्रोजेक्ट का इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर लाइसेंस क्रमांक 22137, 11 मार्च 2025 को रद्द हो गया था। शिकायत में आरोप है कि इसकी जानकारी छिपाकर कंपनी ने जालना और चंद्रपुर में काम जारी रखा तथा रद्द लाइसेंस के आधार पर फीडर चार्जिंग की अनुमति लेकर महावितरण से भुगतान भी प्राप्त किया।

शिकायत में लाइसेंस पर दर्ज मीरा रोड, ठाणे के पते को भी फर्जी बताते हुए वहां कार्यालय नहीं होने का दावा किया गया है। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, सामग्री और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

Today Breaking News: एक क्लिक में पढ़ें 23 नवंबर की 10 बड़ी खबरें फटाफट अंदाज में

बिसलेरी के पानी को जांच में क्यों बताया गया असुरक्षित? FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

300 बार पूछें या 500 बार, जवाब नहीं बदलेंगे, सिंधु जल संधि पर सवाल से भड़के पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक

फैसले की आलोचना ठीक, पर पूरी संवैधानिक संस्था को निशाना न बनाएं; हिमाचल में बोले CJI सूर्यकांत

राहुल गांधी से डिबेट के लिए BJP का जिला अध्यक्ष ही काफी, चंडीगढ़ में नितिन नबीन ने दी खुली चुनौती