Sambhajinagar Karnapura Yatra Crowd Management: कर्णपुरा यात्रा में इस बार 8 से 10 लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यात्रा क्षेत्र में सुरक्षा के साथ पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी विनय गौड़ा जीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
छत्रपति संभाजीनगर, कर्णपुरा यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी विनय गौड़ा जीसी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि यात्रा में आने वाले भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल और यातायात सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और पुलिस बंदोबस्त की प्रभावी योजना तैयार की जाए। सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियां तय कर आपसी समन्वय से काम करें।
यात्रा क्षेत्र में भक्तों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार पानी के टैंकर उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। मनपा को यात्रा क्षेत्र में नियमित स्वच्छता, घंटा गाड़ी और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम तैयार रखने के साथ पर्याप्त दवाइयों का स्टॉक उपलब्ध रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने अन्न व औषधि प्रशासन को यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को आवश्यक खाद्य लाइसेंस लेने के संबंध में मार्गदर्शन देने और नियमित जांच करने को कहा गया है।
महावितरण को सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन विभाग को जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमों को सतर्क रखने पर जोर दिया गया।
भक्तों की संख्या को देखते हुए यातायात और पार्किंग का प्रभावी नियोजन करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट दिशा-सूचक फलक लगाए जाएंगे। परिवहन विभाग और एसटी महामंडल को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यक नियोजन करने को कहा गया।
बैठक में निवासी उपजिलाधिकारी जनार्दन विधाते, उपविभागीय अधिकारी व्यंकट राठौड़, प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त मजहर ए. सैयद, मनपा उपायुक्त नंदकिशोर भींचे, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. कमलाकर मुदखेड़कर, यातायात शाखा के दीपक शिंदे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।