खेती करता किसान (फोटो नवभारत)
चंद्रपुर

चंद्रपुर में कृषि विभाग के 76 पद कम, 60 सहायक कृषि अधिकारी पद होंगे समाप्त, कृषि सहायकों पर बढ़ेगा बोझ

Agriculture Department 76 Posts: चंद्रपुर में नए कृषि आकृतिबंध से क्षेत्रीय स्तर के 76 पद कम होंगे। 60 सहायक कृषि अधिकारी और 16 उपकृषि अधिकारी पद घटने से काम का बोझ बढ़ेगा।

आलोक उमाकृष्ण

Chandrapur Agriculture Department 76 Posts: चंद्रपुर जिले में करीब आठ साल के इंतजार के बाद राज्य मंत्रिमंडल ने कुछ दिन पहले कृषि विभाग के नए आकृतिबंध को मंजूरी दी है। हालांकि, इस फैसले का सबसे अधिक असर किसानों के खेतों तक सीधे पहुंचकर काम करने वाली क्षेत्रीय व्यवस्था पर पड़ने की आशंका है।

नए आकृतिबंध के अनुसार चंद्रपुर जिले में क्षेत्रीय स्तर के 76 पद कम किए गए हैं। इनमें सहायक कृषि अधिकारी के 60 और उपकृषि अधिकारी के 16 पद शामिल हैं। पदों में कटौती से कृषि विभाग के क्षेत्रीय कामकाज पर दबाव बढ़ने की संभावना है।

राज्य में 1.71 करोड़ खातेदार किसानों की संख्या को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय स्तर पर प्रत्येक 1,500 खातेदारों के लिए एक सहायक कृषि अधिकारी के अनुपात में पद संरचना तैयार की गई है। इसके अनुसार राज्य में सहायक कृषि अधिकारी के 11,445 पदों को मंजूरी दी गई है। वहीं सात सहायक कृषि अधिकारियों के पीछे एक उपकृषि अधिकारी का मानक तय किया गया है।

खातेदार कम, खेती करने वाले परिवार अधिक

चंद्रपुर सहित विदर्भ के कई हिस्सों में वास्तविक खातेदारों की संख्या और खेती की जमीनी स्थिति में काफी अंतर है। संयुक्त परिवार व्यवस्था के कारण कई बार जमीन का बंटवारा अलग अलग खातों में नहीं किया जाता।

परिवार के मुखिया की मृत्यु के बाद भी वारिसों के नाम संयुक्त रूप से दर्ज किए जाते हैं। ऐसे में खातेदारों की संख्या भले ही कम दिखाई दे, लेकिन वास्तव में खेती करने वाले परिवारों की संख्या काफी अधिक है। चंद्रपुर जिले में एक खातेदार की औसत भूमि जोत करीब 1।60 हेक्टेयर है।

कृषि सहायकों पर बढ़ेगा काम का बोझ

वर्ष 2009 के आकृतिबंध की तुलना में वर्ष 2026 के नए आकृतिबंध में चंद्रपुर जिले की क्षेत्रीय व्यवस्था में बड़ी कटौती की गई है। पहले से ही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का बोझ संभाल रहे कृषि सहायकों की जिम्मेदारी अब और बढ़ने की आशंका है।

ग्रामीण स्तर के एक कृषि सहायक पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित 22 से अधिक योजनाओं और 16 से अधिक गतिविधियों को लागू करने की जिम्मेदारी है। इसके लिए 32 से अधिक मोबाइल ऐप, एग्रीस्टैक और महाडीबीटी जैसी डिजिटल प्रणालियों पर जानकारी दर्ज करनी पड़ती है।

फसल निरीक्षण, फसल बीमा, विभिन्न किसान योजनाओं का क्रियान्वयन, अनुदान के लिए सत्यापन, मार्गदर्शन, क्षेत्रीय निरीक्षण और रिपोर्ट प्रस्तुत करने जैसे कार्य भी इसी व्यवस्था के माध्यम से किए जाते है।

चार उपविभागीय कृषि अधिकारी पद भी होंगे समाप्त

चंद्रपुर जिले के चार उपविभागीय कृषि अधिकारी कार्यालय भी नए आकृतिबंध से प्रभावित होंगे। चारों कार्यालयों में उपविभागीय कृषि अधिकारी के पद नए ढांचे के अनुसार समाप्त किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों को अब मुख्यालय में उपसंचालक के रूप में काम करना होगा इससे तालुका एवं उपविभाग स्तर पर स्वतंत्र तकनीकी नेतृत्व की व्यवस्था में बदलाव होगा

तकनीकी संवर्ग में निराशा

कृषि विभाग के तकनीकी संवर्ग के कर्मचारी सीधे खेतों तक पहुंचकर काम करते हैं। नए आकृतिबंध में उन्हें पदोन्नति और दर्जा बढ़ने की उम्मीद थी। लेकिन अपेक्षित बदलाव नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है।

क्षेत्रीय स्तर पर पद कम होने से कई कर्मचारियों पर कार्यालयीन कार्यों का अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना है। किसानों के बीच काम करने वाली व्यवस्था कम कर कार्यालयीन व्यवस्था बढ़ाना किसान हित में नहीं है, ऐसा कृषि संगठनों का कहना है।

राजीव गांधी की जयंती, 'सूचना प्रौद्योगिकी के जनक' को राजनाथ सिंह ने किया नमन, विकास यात्रा में सराहा योगदान

RSS नेताओं का सम्मान नहीं... बैन करो, अमेरिकी संस्था USCIRF ने डोनाल्ड ट्रंप सरकार से की अपील, क्यों मचा बवाल?

तेलंगाना के नलगोंडा में प्रिंसिपल पर 27 बार किया चाकू से हमला, लूट के लिए 10वीं के छात्रों ने रची थी साजिश

आज की ताजा खबर 20 अगस्त LIVE: भारी बारिश के बाद दिल्ली-एयरपोर्ट रोड और द्वारका अंडरपास में भरा पानी

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी को तैयार दिल्ली, LG तरनजीत सिंह संधू ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश