रणबीर कपूर की 'रामायण' पर भड़की VHP, रावण के महिमामंडन का आरोप; फिल्म पर बैन लगाने की मांग

Ramayana Controversy: रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण' पर VHP ने वाल्मीकि रामायण के प्रसंगों से छेड़छाड़ और रावण के महिमामंडन का आरोप लगाया है। संगठन ने स्क्रीनिंग रोकने की मांग की है।
ramayana movie ban demand
'रामायण' मूवी का पोस्टरSource- Social Media
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • विश्व हिंदू परिषद ने फिल्म 'रामायण' का सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने और स्क्रीनिंग रोकने की मांग की।

  • VHP महासचिव बजरंग लाल बागड़ा ने आरोप लगाया कि फिल्म में रावण का महिमामंडन और भगवान राम के चरित्र को हल्का दिखाया गया है।

  • संगठन के मुताबिक, अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे अहम प्रसंग फिल्म में शामिल नहीं किए गए हैं।

VHP Demands Ban on Ramayana: रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों काफी चर्चा में है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म अच्छा कारोबार कर रही है और दर्शकों से भी इसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, लेकिन इसी बीच इसके खिलाफ विरोध तेज हो गया है। कई हिंदू संगठनों ने निर्माताओं पर महर्षि वाल्मीकि रचित रामायण की मूल कहानी में बदलाव करने का इल्जाम लगाया है और इसकी स्क्रीनिंग रोकने की मांग उठाई है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में तैयार हुई ‘रामायण’ को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने मूल कथा से छेड़छाड़ और काल्पनिक प्रसंग जोड़ने का आरोप लगाते हुए तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की है। काल्पनिक घटनाओं के जरिए राम भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर संगठन ने असंतोष जताया है।

‘राम भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत’

21 नवंबर को जारी आधिकारिक बयान में VHP ने कहा कि फिल्म में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की जीवंत कथा के कई पहलुओं को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, जिससे करोड़ों राम भक्तों की धार्मिक आस्था को चोट पहुंची है। संगठन के बयान में कहा गया है कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा बताई गई कथा के तथ्यों को विकृत करने, काल्पनिक प्रसंग जोड़ने और कई अहम पात्रों को न दिखाने की प्रवृत्ति के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने तीखा विरोध दर्ज कराया है।

VHP ने राम भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया। संगठन के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि फिल्म के माध्यम से एक अरब से ज्यादा हिंदू राम भक्तों की श्रद्धा को ठेस पहुंचाते हुए एक राजनीतिक दृष्टिकोण गढ़ने की कोशिश की गई है।

‘श्री राम और उनके परिवार के चरित्रों को हल्का दिखाया’

विश्व हिंदू परिषद के बजरंग बागड़ा के मुताबिक, एक तरफ भगवान श्री राम और उनके परिवार के पात्रों को हल्के अंदाज में चित्रित किया गया है, जबकि दूसरी तरफ राक्षसराज रावण को महिमामंडित करने की अनुचित कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग प्रभु राम के व्यापक व्यक्तित्व का अहम हिस्सा हैं, जिनका फिल्म में जिक्र तक नहीं किया गया है।

ramayana movie ban demand
रामायण ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, 1500 करोड़ के करीब पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन

रावण का शोषितों के उद्धारक के रूप में महिमा मंडन

बागड़ा ने कहा कि इसके बजाय ऋषि-मुनियों की साधना, यज्ञ और गुरुकुलों में बाधा डालने वाले राक्षसों को समाप्त करने के भगवान राम के बड़े अभियान को पत्नी के अपहरण का बदला लेने जैसी निजी लड़ाई के रूप में दिखाने का प्रयास किया गया है। वहीं, अहंकारी रावण को शोषितों के उद्धारक के तौर पर प्रस्तुत कर एक राजनीतिक विमर्श बनाने की कोशिश भी की गई है।

‘राजनीति से प्रेरित इस फिल्म ने गहरी ठेस पहुंचाई’

उन्होंने आगे कहा कि ज्ञान, भक्ति और सामर्थ्य के उच्च स्तर पर होने के बावजूद अहंकार के कारण सृष्टि के हर जीव को सताने और डराने वाला रावण दुराचारी था, यह हर रामकथा में सर्वमान्य रूप से दर्ज है। बागड़ा के अनुसार, सदियों से चली आ रही रामकथा और भगवान राम में करोड़ों हिंदुओं की गहरी आस्था है, जिसे कथित रूप से राजनीति से प्रेरित इस फिल्म ने गंभीर चोट पहुंचाई है और हिंदू समाज की भावनाओं को आहत किया है।

ramayana movie ban demand
Ramayana Collection: रणबीर कपूर की 'रामायण' का 16वें दिन भी जलवा, 900 करोड़ के क्लब से बस इतनी दूर रह गई फिल्म

‘फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जाए’

विहिप महामंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और राजनीतिक मर्यादाओं का आदर्श रखने वाली रामकथा में इस तरह के बदलाव समाज के स्थापित नैतिक आधार को कमजोर करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंदू समाज की भावनाओं के साथ ऐसी छेड़छाड़ को समाज स्वीकार नहीं करेगा।

अंत में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने मांग दोहराई कि फिल्म को जारी सेंसर प्रमाण पत्र रद्द किया जाए और इसके प्रदर्शन पर फौरन रोक लगाई जाए।