तुमसर किसान परिवार  (सोर्सः सोशल मीडिया)
भंडारा

तुमसर में निजी फाइनेंस कंपनी की मनमानी, किसान परिवार का सामान सड़क पर रखकर घर पर जड़ा ताला

Tumsar Farmer Family: भंडारा जिले की तुमसर तहसील के वाहनी गांव में कर्ज की किस्तें बकाया होने पर निजी फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों ने किसान विष्णु कनपटे के घर का सामान बाहर निकालकर ताला लगा दिया।

आंचल लोखंडे

Highlights:

  • भंडारा जिले की तुमसर तहसील के वाहनी गांव में 20 नवंबर को निजी फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों ने कर्ज की किस्तें बकाया होने पर किसान का घर सील कर दिया।

  • किसान विष्णु कनपटे ने वर्ष 2023 में मकान निर्माण के लिए सितारा हाउसिंग नामक निजी फाइनेंस कंपनी से ऋण लिया था।

  • कमाऊ बेटे की आकस्मिक मौत और सूखे के कारण फसल प्रभावित होने से परिवार आर्थिक संकट में आ गया था और कुछ किस्तें बकाया रह गई थीं।

Bhandara Finance Company: कर्ज की किस्तें बकाया होने के कारण एक निजी फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों ने किसान परिवार का सामान बाहर निकालकर घर पर ताला जड़ दिया। यह अमानवीय घटना तुमसर तहसील के वाहनी में शुक्रवार, 20 नवंबर को सामने आई। कमाऊ बेटे के निधन और सूखे की मार से पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे इस परिवार को कड़ाके की ठंड में बेघर होना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर कंपनी के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई, जिसके बाद घर का ताला खोलकर परिवार को पुनः अंदर प्रवेश दिलाया गया।

ग्रामीणों के आक्रोश के बाद घर का ताला खोला

मामले की भनक लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर जमा हो गए और कंपनी की इस मनमानी कार्रवाई का तीव्र विरोध किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि परिवार कर्ज चुकाने में असमर्थ रहा, तो पूरा गांव चंदा एकत्र कर राशि भरेगा, लेकिन किसी भी सूरत में परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों के आक्रोश और कड़े हस्तक्षेप के बाद अंततः कंपनी के कर्मचारियों को बैकफुट पर आना पड़ा और उन्होंने घर का ताला खोलकर परिवार को वापस घर में रहने दिया।

मकान बनाने के लिए लिया था कर्ज

वाहनी निवासी विष्णु कनपटे ने वर्ष 2023 में मकान निर्माण के लिए सितारा हाउसिंग नामक निजी फाइनेंस कंपनी से ऋण लिया था। शुरुआत में परिवार की ओर से नियमित रूप से किस्तें चुकाई जा रही थीं, लेकिन तीन-चार माह पूर्व परिवार के कमाऊ बेटे का आकस्मिक निधन हो गया। इसके साथ ही जिले में उत्त्पन्न सूखे की स्थिति के कारण फसल प्रभावित होने से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया और कर्ज की कुछ किस्तें बकाया रह गई।

दरवाजे पर ताला लगा दिया

बकाया वसूली के लिए शुक्रवार शाम को फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधि सीधे विष्णु कनपटे के घर पहुंचे और बिना किसी पूर्व सूचना के परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकाल दिया। यही नहीं, घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान भी बाहर सड़क पर रखवाकर दरवाजे पर ताला लगा दिया गया। परिवार में छोटे पोते-पोतियां और बुजुर्ग सदस्य होने के बावजूद ठंड के मौसम में उन्हें खुले आसमान के नीचे बैठने को मजबूर होना पड़ा।

जबरन कर्ज वसूली न करने के सरकारी निर्देश

गौरतलब है कि सूखाग्रस्त परिस्थितियों में किसानों से जबरन कर्ज वसूली न करने के स्पष्ट सरकारी निर्देश होने के बावजूद निजी कंपनी की ओर से की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है, पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों से दो दिन की मोहलत भी मांगी थी, जिसे ठुकरा दिया गया। इस घटना ने निजी फाइनेंस कंपनियों की वसूली नीतियों और उन पर प्रशासनिक नियंत्रण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।

4 गुना फंड और 3 एयरपोर्ट, अमित शाह ने अरुणाचल की तरक्की का बताया हिसाब, कहा- बाहर से नहीं आएगा दूध-अंडा और मास

राजस्थान से बिहार तक 6 दुर्घटनाएं, 27 की मौत; तेज रफ्तार और लापरवाही? आम जनता के साथ-साथ सरकार पर सवाल

Public Holiday: खुशखबरी! 24 नवंबर को स्कूल-कॉलेज-बैंक बंद, देखें राज्यों की लिस्ट

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टिल्लू ताजपुरिया गैंग का गुर्गा पवन उर्फ मक्खी दबोचा गया

ट्रेन में मिला 54 वर्षीय महिला का शव, सफाई के दौरान खुला वारदात का राज; CCTV से 31 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार