Mohadi Panchayat Samiti: मोहाडी पंचायत समिति के सभापति और उपसभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद, अब आगामी 16 जुलाई को नए सभापति और उपसभापति का चुनाव होना तय हुआ है। इस बीच, अपने सभी सदस्यों को एकजुट रखने और किसी भी तरह की सेंधमारी से बचाने के लिए 10 पंचायत समिति सदस्य 9 जुलाई को अचानक देवदर्शन धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं।
मोहाडी पंचायत समिति के वर्तमान सभापति जगदीश शेंडे और उपसभापति देवा चकोले की कार्यप्रणाली से नाराज होकर 10 पंचायत समिति सदस्यों ने गत 4 जून को जिलाधिकारी को अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए पत्र सौंपा था।
इसके बाद, जिलाधिकारी की मौजूदगी में 25 जून को अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान हुआ, जो 10 बनाम 3 वोटों के भारी बहुमत से पारित हो गया। दिलचस्प बात यह रही कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान खुद सभापति जगदीश शेंडे अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने नए सभापति और उपसभापति के चुनाव के लिए 16 जुलाई की तारीख तय की है।
जैसे-जैसे यह तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक गलियारों में हलचल और सदस्यों की धड़कनें तेज हो गई हैं। एकजुटता बनाए रखने की कवायद सियासी सरगर्मी और तनाव को कम करने के साथ-साथ अपने गुट को बिखरने से बचाने के लिए, अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सभी 10 सदस्य 9 जुलाई को ही अज्ञात स्थान पर देवदर्शन के लिए निकल चुके हैं।
अब देखना यह होगा कि आने वाली 16 जुलाई को मोहाडी पंचायत समिति के शीर्ष पदों पर किसके नाम की मुहर लगती है। इस दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम पर पूरे तहसील की जनता की नजरें टिकी हुई हैं।