अमरावती नगर निगम में नए आयुक्त की एंट्री, ट्रैफिक, अतिक्रमण और सफाई होंगी प्राथमिकता

Amravati New Commissioner: अमरावती नगर निगम में वर्षा लड्डा का तबादला पुणे कर दिया गया है, जबकि गोंदिया के जिलाधिकारी डॉ. मंगेश गोंदावले को पदोन्नति के साथ नया मनपा आयुक्त नियुक्त किया गया है। 
amravati municipal corporation new commissioner dr mangesh gondavale
Amravati Municipal Corporation (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amravati Municipal Corporation: अमरावती मनपा में प्रशासनिक बदलाव के साथ आयुक्त वर्षों लड्डा का स्थानांतरण पुणे में किया गया है। वहीं गोंदिया के जिलाधिकारी डॉ. मंगेश गोंदावले को पदोन्नति देते हुए अमरावती का नया मनपा आयुक्त नियुक्त किया गया है। तेज व कड़क कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध गोंदावले शनिवार तक या फिर सोमवार को अपना पद संभालने की संभावना जताई जा रही है। वहीं नए आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने शहर के समग्र विकास का विजन सामने रखा है, तो निवर्तमान आयुक्त वर्षा लड्डा ने अपने तबादले को लेकर चल रही चर्चाओं पर पहली बार मीडिया के सामने खुलकर प्रतिक्रिया दी है।

दोनों अधिकारियों ने अलग-अलग बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं और पक्ष स्पष्ट किया। उल्लेखनीय है कि महापौर श्रीचंद तेजवाणी और तत्कालीन आयुक्त वर्षा लड्डा के बीच मतभेदों की चर्चाओं के बीच महापौर एवं कुछ पार्षदों द्वारा मुख्यमंत्री से उनके तबादले की मांग किए जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि वर्षा लड्डा ने इन अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि स्थानांतरण के लिए उन्होंने स्वयं मंत्रालय में आवेदन किया था।

वर्षा लड्डा का पुणे तबादला

माना जा रहा था कि उनका तबादला मानसून सत्र के बाद होगा, लेकिन तीन माह के कार्यकाल के भीतर ही उन्हें पुणे भेज दिया गया। दूसरी ओर, गोंदिया में महज डेढ़ माह तक जिलाधिकारी रहे डॉ. मंगेश गोंदावले का भी पदोन्नति के साथ अमरावती स्थानांतरण हुआ है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि वे शहर की प्रशासनिक चुनौतियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाते हुए विकास कार्यों को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।

नए आयुक्त के सामने सबसे बड़ी समस्या

जगह-जगह हाथगाड़ियों का अतिक्रमण, बढ़ता ट्रैफिक, साफ-सफाई की समस्या, रास्ते, शुद्ध पेयजल, बगीचों की समस्या, मनपा अस्पतालों में सुविधाओं का अभाव, ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में दुकानों के सामने पैदल चलने के लिए फुटपाथ की कमी व उन पर हो रहे अतिक्रमण जैसी अनेक समस्याएं नए आयुक्त के सामने रहेंगी।

सरकार काम देखकर निर्णय लेती है : लड्डा

निवर्तमान मनपा आयुक्त वर्षा लड्डा ने कहा कि उनका स्थानांतरण उनके स्वयं के अनुरोध पर हुआ है और उन्हें पुणे में महिला एवं बाल विकास आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि तीन माह के कार्यकाल में पूरी निष्ठा से काम किया और शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने तबादले को लेकर चल रही अफवाहों को निराधार बताते हुए कहा कि सरकार काम देखकर निर्णय लेती है। साथ ही शहरवासियों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

शहर की समस्याओं को समझने के बाद तय होगी विकास की दिशा

डॉ. मंगेश गोंदावले ने कहा कि शहर की समस्याओं का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब पहले शहर की वास्तविक जरूरतों और नागरिकों की अपेक्षाओं को समझा जाए, वे सबसे पहले शहर का दौरा कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों और लोगों की समस्याओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद प्राथमिकताएं तय कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। मनपा को केवल अनुदान पर निर्भर रहने के बजाय अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करनी होगी। कर वसूली को प्रभावी बनाने, आय के नए स्रोत विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com