Bhandara Electricity Bill: भंडारा जिले में महावितरण के उपभोक्ताओं पर बकाया बिजली बिल लगातार बढ़ता जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुसार जिले में 2.91 लाख घरेलू, 18 हजार वाणिज्यिक और करीब 4 हजार औद्योगिक उपभोक्ता हैं। इसके बावजूद बकाया राशि करोड़ों रुपये तक पहुंच गई है, जिससे वसूली महावितरण के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
घरेलू उपभोक्ताओं में सबसे अधिक बकाया तुमसर, पवनी और भंडारा ग्रामीण क्षेत्र में दर्ज किया गया है। भंडारा ग्रामीण, भंडारा शहर, मोहाडी, पवनी और तुमसर मिलाकर 25,969 उपभोक्ताओं पर 4.13 करोड़ रुपये बकाया हैं। वहीं लाखांदुर, लाखनी और साकोली के 13,492 उपभोक्ताओं पर 1.73 करोड़ रुपये का बकाया है। इस प्रकार जिले के 39,461 घरेलू उपभोक्ताओं पर कुल 5।86 करोड़ रुपये की देनदारी दर्ज की गई है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिले में 176 बिजली बिल संग्रह केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। यहां ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बिजली बिल जमा किए जा सकते हैं।
घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक श्रेणियों को मिलाकर जिले के 47,430 उपभोक्ताओं पर कुल 29.78 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। भंडारा, मोहाडी, पवनी, तुमसर, लाखांदुर, लाखनी और साकोली उपविभागों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अब तक बकाया राशि जमा नहीं की है।
बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ महावितरण ने सख्ती शुरू कर दी है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 30,471 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा करने के बाद ही नियमानुसार कनेक्शन दोबारा जोड़े जाएंगे। जिले में बिजली चोरी के खिलाफ भी अभियान जारी है। फ्लाइंग स्क्वाड ने इस वर्ष 67 मामले दर्ज किए हैं। इनमें 36 मामलों में कार्रवाई करते हुए 7.78 लाख रुपये की वसूली की गई है। शेष मामलों में नियमानुसार प्रक्रिया जारी है।
ये भी पढ़े: भंडारा राष्ट्रीय महामार्ग पर गड्ढों से हादसे का खतरा, सांसद पडोले ने NHAI से मांगी तत्काल कार्रवाई
महावितरण के अधीक्षक अभियंता राजेंद्र गिरी ने कहा कि जिले में बिजली बिल वसूली का लक्ष्य हासिल करने के लिए हमारे प्रयास रात-दिन जारी हैं। बार-बार सूचना देने के बावजूद जो उपभोक्ता बिल भरने से कतरा रहे हैं, उनका बिजली कनेक्शन नियमों के अनुसार काटा जा रहा है। नागरिकों को समय पर बिजली बिल भरकर महावितरण का सहयोग करना चाहिए, ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से रखी जा सके।