Bhandara Electricity Theft Case: महावितरण के कारधा उपकेंद्र के अंतर्गत बिजली चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान बिजली चोरी के दो अलगअलग मामले सामने आए हैं। इन मामलों में महावितरण की टीम ने दो आरोपियों को चालू बिजली लाइन पर अनधिकृत रूप से आंकड़ा डालकर बिजली चुराते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। महावितरण के प्रधान तकनीशियन की लिखित शिकायत पर भंडारा शहर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय विद्युत कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता सुनील केशवराव बांगरे 55 महावितरण उपकेंद्र कारधा में प्रधान तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं। वे अपनी टीम के साथ उन उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच कर रहे थे, जिनकी बिजली आपूर्ति अस्थाई रूप से खंडित की गई थी।
जांच के दौरान खमारी में एक गोदाम का निर्माण कार्य चल रहा था। वहां आरोपी प्रभाकर कांताराम शनवारे 28 महावितरण की चालू लघु दाब एलटी वाहिनी पर सीधे आंकड़ा डालकर अवैध रूप से बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल करता हुआ पाया गया।
मूल्यांकन के अनुसार आरोपी ने कुल 100 यूनिट बिजली की चोरी की, जिससे महावितरण को 5,820 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।दूसरा मामला ग्राम माटोरा का है।जांच के दौरान आरोपी विक्रम खुशाल सेलोकर 35 भी महावितरण की चालू लाइन पर अवैध रूप से आंकड़ा डालकर बिजली का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया। आरोपी ने कुल 771 यूनिट बिजली की चोरी कर विद्युत कंपनी को 10,491 रुपये का चूना लगाया। पुलिस ने दोनों मामले में अपराध दर्ज किया है।