Navneet Rana Raises Questions Amravati Hospital Fire: अमरावती जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इस अग्निकांड के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े होने लगे हैं। इस हासे को लेकर बीजेपी नेता और पूर्व सासंद नवनीत राणा ने भी कई सवाल उठाए है।
अमरावती जिला महिला अस्पताल के NICU में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत के बाद बीजेपी नेता नवनीत राणा अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर आग लगती भी है, तो जो सिस्टम लगा हुआ है, उसके तहत स्प्रिंकलर तुरंत चालू हो जाना चाहिए था। और जब ऊपर से वेंटिलेटर में धमाका हुआ, तो यह क्यों और कैसे हुआ?
नवनीत राणा ने कहा कि हादसे की अब जब तकनीकी जांच होगी, तब ही असली वजह का पता चलेगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा, यह पक्का है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) विधायक सुलभा खोडके ने कहा कि अमरावती महिला अस्पताल में हुई यह घटना बेहद दुखद है। बच्चों का जन्म हुआ था और उन्हें ICU में लाया गया था क्योंकि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कुछ दिक्कतें हो रही थीं। हालांकि, यहां लगे वेंटिलेटर में असल में क्या खराबी आई, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। यहां के इलेक्ट्रिकल सिस्टम और इलेक्ट्रिकल बोर्ड संबंधित अधिकारियों की देखरेख में थे और ठीक से काम कर रहे थे।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 3.30 बजे अमरावती जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर लगी। बताया जा रहा है कि नियोनेटल यूनिट में रखे एक वेंटिलेटर में धमाका होने के बाद आग लगी।
आग लगने के बाद ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और दूसरे स्टाफ ने तुरंत लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया और कई शिशुओं को वार्ड से सुरक्षित बाहर निकाला। 6 शिशुओं को आगे के इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भेजा गया है।
इस हादसे में तीन मासूम नवजात बच्चों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई। घटना के समय NICU वार्ड में कुल 39 नवजात बच्चे भर्ती थे।