

Highlights:
संविधान दिवस पर कांग्रेस देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकालने जा रही है, मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में शामिल होंगे।
दिल्ली में भाजपा संविधान गौरव दिवस समारोह आयोजित करेगी, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य वक्ता होंगे।
कांग्रेस ने वोट चोरी, SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर केंद्र सरकार और आयोग पर सवाल उठाए हैं।
BJP vs Congress on Constitution Day 2026: संविधान दिवस पर 26 नवंबर को देश की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने नजर आएंगी। कांग्रेस ने देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकालने का ऐलान किया है। वहीं, भाजपा भी देशभर में संविधान गौरव अभियान के तहत कार्यक्रम कर रही है।
कांग्रेस ने इसे वोट चोरी और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी लड़ाई बताया है। भाजपा ने इसे संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान बताया है। दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। दिल्ली में भाजपा 26 नवंबर को सिविक सेंटर में संविधान गौरव दिवस समारोह आयोजित करेगी।
भाजपा ने कहा है कि यह आयोजन संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने और सामाजिक समरसता, समानता और न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों के लिए जागरूकता फैलाने के लिए है। भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने संविधान का उल्लंघन किया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समारोह के मुख्य वक्ता होंगे, इस समारोह में दिल्ली के सांसदों के अलावा बुद्धिजीवी, अधिवक्ता, डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, प्रोफेसर, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल होंगे।
उधर कांग्रेस महासचिव संगठन के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी के दस्तावेजी सबूत देश के सामने रखे हैं। महादेवपुरा में फर्जी और डुप्लीकेट वोटर, अलंद में हजारों असली मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश और हरियाणा समेत कई राज्यों में गड़बड़ियां मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर को दिखाती हैं।
कानून में बदलाव कर चयन समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश को हटा दिया गया। इसके बाद चुनाव आयुक्तों को आधिकारिक कामों के लिए आजीवन कानूनी सुरक्षा दे दी गई। कांग्रेस का 26 नवंबर को हर मार्च डॉ. बी. बी. आर. अंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होगा।
श्रद्धांजलि के बाद कार्यकर्ता और नागरिक एक साथ प्रस्तावना पढ़ेंगे और संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे। वोट रक्षक अभियान के तहत कार्यकर्ता हर बूथ तक जाएंगे और कटे नामों की जांच कर मतदाताओं को अधिकार दिलाने में मदद करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 नवंबर को लखनऊ में मार्च में शामिल होंगे।
वेणुगोपाल ने कहा कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष जांच के बजाय तथ्यर्थों को खारिज कर दिया और नेता प्रतिपक्ष से हलफनामा मांगा। वेणुगोपाल ने कहा कि बिहार चुनाव से पहले शुरू हुआ। एसआईआर अब तीसरे चरण में 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहा है। बिहार की ड्राफ्ट सूची से ही 65 लाख से ज्यादा नाम कट गए।
तीनों चरणों में मिलाकर कटे नामों की संख्या 13 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। इससे सबसे ज्यादा खतरा गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों और शादी के बाद घर बदलने वाली महिलाओं को है। चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। संविधान के अनुच्छेद 324 में आयोग को स्वतंत्र संवैधानिक संस्था माना गया था।