

Amravati District Women's Hospital Fire Newborns Dead: अमरावती के जिला महिला अस्पताल से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। अस्पताल के तीसरे माले पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन मासूम नवजात बच्चों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई। घटना के समय NICU वार्ड में कुल 39 नवजात बच्चे भर्ती थे। गनीमत रही कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए 36 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। NICU वार्ड में रखे एक वेंटिलेटर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके तुरंत बाद आग फैल गई और पूरे वार्ड में घना धुआं भर गया। आग की लपटें उठते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी।
सुरक्षित निकाले गए 36 नवजात शिशुओं को तुरंत इलाज के लिए अमरावती के विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है:
पंजाबराव देशमुख अस्पताल: 11 बच्चे
मुरके अस्पताल: 8 बच्चे
होप अस्पताल: 6 बच्चे
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल: 5 बच्चे
पारिजात अस्पताल: 2 बच्चे
मां के पास सुरक्षित: 4 बच्चे
प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आदेश जारी किया है कि दुर्घटना से प्रभावित और स्थानांतरित किए गए सभी नवजात बच्चों का इलाज पूरी तरह से मुफ्त किया जाएगा। किसी भी निजी या सरकारी अस्पताल को परिजनों से शुल्क वसूलने की अनुमति नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वेंटिलेटर और चिकित्सा उपकरण सप्लाई करने वाली 'शिलर' (Schiller) कंपनी के नागपुर स्थित आपूर्तिकर्ताओं को तकनीकी जांच के लिए बुलाया गया है। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि अस्पताल का स्प्रिंकलर/फॉगर सिस्टम चालू क्यों नहीं हुआ और अस्पताल का फायर ऑडिट अपडेट था या नहीं।