Warud Panchayat Samiti: वरुड पंचायत समिति कार्यालय की भव्य इमारत इस समय बदहाली और गंदगी के आंसू रो रही है। लगभग 10 वर्ष पूर्व निर्मित इस भव्य प्रशासनिक भवन में रखरखाव के अभाव के कारण चारों तरफ गंदगी का साम्राज्य फैल गया है।
इसे लेकर तहसील के जागरूक नागरिकों ने जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिलाधिकारी और पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नागरिकों का आरोप है कि निर्माण के बाद से आज तक इस इमारत की न तो कभी रंगरोगन पेंटिंग की गई और न ही नियमित साफसफाई होती है। वर्तमान में इमारत के अंदर प्रत्येक प्रशासनिक विभाग में धूल और गंदगी जमा है। परिसर के शौचालय और बाथरूम अत्यंत अस्वच्छ हैं और उनके दरवाजे तक टूट कर अलग गिर चुके हैं, जिससे यहां आने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्य गेट के सामने और कार्यालय परिसर के चारों तरफ कचरे के ढेर लगे हुए हैं और जंगली घास व झाड़ियां उग आई हैं।
ये भी पढ़े: बारिश शुरू, प्लास्टिक बाजार गुलजार; किसानों की पहली पसंद बना तिरपाल, नागपुर में 50% तक बढ़े दाम
मानसून की शुरुआत होते ही इमारत की छत से कई जगहों पर पानी का रिसाव लीकेज शुरू हो गया है। नागरिकों ने प्रशासन से वरिष्ठ अधिकारी स्वयं इस बदहाली का निरीक्षण करें। इमारत की छतों की तुरंत मरम्मत कराई जाए, पूरे परिसर का रंगरोगन हो, टूटे शौचालयों में नए दरवाजे लगवाए जाएं और कचरे व झाड़ियों को तुरंत साफ करने की मांग की।