Highlights
अमरावती के विमको टॉवर स्थित मुथूट फिनकॉर्प शाखा में कथित घोटाले का आंकड़ा करीब 9 करोड़ रुपए तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
कंपनी की आंतरिक ऑडिट रिपोर्ट में करीब 5 किलो सोने और 2 करोड़ रुपए नकद की हेराफेरी का खुलासा हुआ है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 150 निवेशकों के गिरवी रखे सोने और जमा नकदी में गड़बड़ी हुई है।
Amravati Muthoot Fincorp Scam: अमरावती शहर के विमको टॉवर स्थित मुथूट फिनकॉर्प शाखा में निवेशकों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने का सनसनीखेज मामला अब करीब 9 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। शाखा से करीब 5 किलो सोना और 2 करोड़ रुपए नकद की हेराफेरी होने का खुलासा कंपनी की आंतरिक ऑडिट रिपोर्ट में हुआ है। इस पूरे प्रकरण में करीब 150 निवेशकों के साथ धोखाधड़ी किए जाने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है।
बैंक की ओर से ऑडिट रिपोर्ट सिटी कोतवाली पुलिस को सौंप जाने के बाद अब घोटाले की परतें खुलने की उम्मीद बढ़ गई है। इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने शाखा प्रबंधक शुभम वासेवाय सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी को गिरफ्तारी पूर्व जमानत मिली है। पुलिस चारों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। अब ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर पुलिस चार्टर्ड अकाउंटेंट की मदद से वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच करेगी। इससे गायब सोने और नकदी के वास्तविक आंकड़ों के साथ कथित हेराफेरी की पूरी तस्वीर सामने आ सकती है।
मुथूट फिनकॉर्प शाखा में ग्राहकों के गिरवी रखे सोने और जमा नकदी में कथित गड़बड़ी का मामला एक महिला ग्राहक की शिकायत के बाद सामने आया था। शुरुआत में कुछ ग्राहकों ने अपना गिरवी रखा सोना और जमा रकम वापस नहीं मिलने की शिकायत की, इसके बाद एक के बाद एक पीड़ित सामने आने लगे। पुलिस ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर अलग-अलग अपराध दर्ज किए, देखते ही देखते मामला कई निवेशकों तक पहुंच गया।
अब तक करीब 150 निवेशकों के प्रभावित होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। हालांकि, प्रत्येक निवेशक का कितना सोना गायब हुआ, कितनी नकदी की हेराफेरी हुई और कंपनी को वास्तविक रूप से कितना नुकसान पहुंचा, इसका एकीकृत और प्रमाणित हिसाब सामने आना बाकी था।
आरोपियों की संपत्तियों पर भी पुलिस की नजर जांच के दौरान आरोपियों और उनके परिजनों के नाम पर खरीदी गई कुछ संपत्तियों की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसके बाद संबंधित संपत्तियों के दस्तावेज जब्त करने के साथ कुछ संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई की गई। अब पुलिस इन संपत्तियों की खरीद घोटाले की रकम से हुई थीं या इसके पीछे कोई अन्य आर्थिक स्रोत था, इसकी जांच की जा रही है।
सिटी कोतवाली जांच अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक तुषार गावंडे ने कहा कि मुथूट फिनकॉर्प से मिली आंतरिक ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच चल रही है। जिसमें करीबन 5 किलो सोना, 2 करोड़ नगद राशी के घोटाले की प्राथमिक जानकारी सामने आयी है।
ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अब चार्टर्ड अकाउंटेंट की सहायता से शाखा के पूरै आर्थिक व्यवहार की पड़ताल करेगी। निवेशकों के खातों, सोने के वजन, नकदी के लेन-देन और संपत्तियों की खरीद से संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा।
इस जांच से करीब 9 करोड़ रुपए तक पहुंचे कथित घोटाले की वास्तविक राशि, गायब सोने और नकदी का हिसाब सामने आने की उम्मीद है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि निवेशकों की मेहनत की कमाई आखिर कहां गई और उनकी रकम की भरपाई कैसे होगी?