Highlights:
अमरावती जिला कांग्रेस कमेटी 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक 'मत बचाओ-देश बचाओ' अभियान चलाएगी।
कांग्रेस कार्यकर्ता और बूथ लेवल एजेंट मतदाता सूचियों की जांच कर हटाए गए नामों और संभावित अनियमितताओं की जानकारी जुटाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर नागरिकों को मतदाता सूची में नाम की स्थिति और मतदान के अधिकार की जानकारी दी जाएगी।
Amravati Congress Campaign: कांग्रेस के 'मत बचाओ-देश बचाओ' अभियान के तहत अमरावती जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक यह अभियान चलाया जाएगा। पहले चरण में जिला मुख्यालय पर मीडिया के माध्यम से अभियान की भूमिका रखी जाएगी। इसके बाद ब्लॉक अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं और बूथ स्तर के प्रतिनिधियों की बैठकें लेकर आगामी कार्यक्रम तय किए जाएंगे। ऐसे आशय की जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक शाकीर सनदी ने स्थानीय मालटेकडी रोड स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रवार्ता के दौरान दी।
इस समय सांसद बलवंत वानखडे, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख, पूर्व विधायक राजकुमार पटेल, प्रदेश प्रवक्ता दिलीप एडतकर, हरिभाऊ मोहोड, मनपा गुट नेता विलास इंगोले, शहर अध्यक्ष बबलू शेखावत, मुकद्दर खां पठाण, प्रदीप देशमुख, शैलेश गवई, कांचनमाला गावंडे, राहुल येवले आदि उपस्थित थे। सनदी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और स्थानीय कार्यकर्ताओं के माध्यम से मतदाता सूचियों की जांच की जाएगी।
सूची से हटाए गए नामों तथा संभावित अनियमितताओं की जानकारी संकलित कर संबंधित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद जिले के गांवों में चौपाल सभाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें मतदाता सूची में नाम की स्थिति, मतदान के अधिकार और सूची के सत्यापन के महत्व के बारे में नागरिकों को जानकारी दी जाएगी। सभाओं में वरिष्ठ नागरिकों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पूर्व सदस्यों और स्थानीय नागरिकों को शामिल करने की योजना है। संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत वयस्क मताधिकार से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी जाएगी।
पत्रवार्ता के पश्चात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक शाकीर सनदी ने जिले व शहर के पदाधिकारियों की बैठक ली। यह बैठक कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। सांसद बलवंत वानखडे की प्रमुख उपस्थिति में हुई बैठक में जिले के गांवों में चौपाल सभाएं आयोजित करने और मतदाता सूचियों के सत्यापन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित थे। बैठक में अभियान के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने और मतदाता सूचियों की त्रुटियों की पहचान करने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों से गांव-गांव में कार्यक्रमों के प्रभावी आयोजन के लिए समन्वय से काम करने का आह्वान किया गया।