Highlights:
अकोला जिले के 1,62,152 किसानों के बैंक खातों में फसल नुकसान की अग्रिम सहायता पहुंचाई गई है।
प्रभावित किसानों को सरकारी योजना के तहत अग्रिम आर्थिक सहायता दी जा रही है।
जिले में कुल 3,11,134 किसानों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
Akola Farmers Relief Fund: बारिश में लंबे अंतराल के कारण अकोला जिले में खरीफ फसलों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकारी की ओर से 5,000 रु. की अग्रिम सहायता राशि खातों में जमा की जा रही है। अब तक 1,62,152 किसानों के खातों में 81 करोड़ 8 लाख रु. जमा हो चुके हैं। हालांकि, बैंक खातों से जुड़ी तकनीकी समस्याओं, खाते के विवरण में त्रुटियों और अन्य कारणों से कई किसानों तक सहायता पहुंचने में देरी हो रही है।
इस वर्ष खरीफ मौसम की शुरुआत से ही किसानों को प्रकृति की मार झेलनी पड़ी। जून में कम बारिश हुई, जबकि जुलाई में कुछ स्थानों पर अतिवृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा। इसके बाद अगस्त और सितंबर में बारिश का लंबा अंतराल रहा। इससे फसलों की स्थिति खराब हो गई। फसलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कृषि मंत्री ने अकोला में पूरे विभाग की बैठक भी ली।
जिले के 1,117 गांवों में 3, 11, 134 किसान प्रभावित बताए गए हैं। सूखाग्रस्त किसानों की सूची तहसील स्तर पर अपलोड की जा रही है। करीब डेढ़ लाख किसानों का आंकड़ा अद्यतन किया जा चुका है। नुकसान के पंचनामे के दौरान किसानों के नाम, बैंक का नाम, खाता क्रमांक, आईएफएससी कोड और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज की गई थी। इसी विवरण के आधार पर सहायता राशि खातों में जमा की जा रही है।
खरीफ मौसम में जिले में कुल 4,32,010 हेक्टेयर क्षेत्र में से 4,22,439 हेक्टेयर पर बुवाई हुई थी। निरीक्षण में सबसे अधिक नुकसान वर्षा पर निर्भर खेती वाले क्षेत्रों में सामने आया। ऐसे क्षेत्रों के 1,037 गांवों में 4,06,720 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुई, जिससे 2,88,076 किसानों को नुकसान हुआ। वहीं, बागवानी क्षेत्र के 611 गांवों में 6,632 किसानों की फसलें प्रभावित हुईं।