

Highlights:
यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की जांब बाजार शाखा में करीब छह करोड़ रुपए की वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है।
प्राकृतिक आपदा सहायता और सरकारी योजनाओं के अनुदान की रकम संदिग्ध तरीके से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने का मामला सामने आया है।
सेवानिवृत्त अधिकारियों, स्वतंत्र एजेंसी और जिला विशेष लेखा परीक्षक के माध्यम से जांच कराई गई।
Yavatmal Cooperative Bank Scam: किसानों को प्राकृतिक आपदा के दौरान मिलने वाली आर्थिक सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं के अनुदान की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंचने के बजाय संदिग्ध तरीके से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की पुसद तहसील अंतर्गत जांब बाजार शाखा में करीब छह करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितताएं उजागर हुई हैं। विशेष लेखा परीक्षण में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद आखिरकार इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
इससे बैंक के लगभग 8 संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। तीन बार हुई लेखा जांच में अनियमितता उजागर जानकारी के अनुसार, जांब बाजार शाखा में वित्तीय गड़बड़ियों और संदिग्ध लेन-देन का मामला सामने आने के बाद बैंक प्रशासन की ओर से पहले सेवानिवृत्त अधिकारियों के माध्यम से जांच कराई गई थी।
इस जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद शाखा का विशेष लेखा परीक्षण कराने के लिए स्वतंत्र एजेंसी नियुक्त की गई। हालांकि, लेखा परीक्षण में हुई देरी को लेकर तत्कालीन संचालक मंडल की बैठकों में आरोप-प्रत्यारोप भी हुए।
इसके बाद जिला विशेष लेखा परीक्षक के माध्यम से तीसरी बार विस्तृत जांच कराई गई। तत्कालीन जिला उपनिबंधक नानासाहब चव्हाण के आदेश पर हुई इस जांच में लगभग छह करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।
शिकायत दर्ज होने के बाद अब इस मामले को आपराधिक जांच का स्वरूप मिल गया है। पुलिस जांच में छह करोड़ रुपए की कथित अनियमितता के पीछे अपनाई गई कार्यप्रणाली, सस्पेंस खाते में हुए लेन-देन, रकम निकालने में शामिल लोगों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।