धनतेरस पर महाकाल मंदिर में विशेष अभिषेक और पूजन-अर्चन।
आरोग्य, सुख-समृद्धि और राष्ट्र कल्याण के लिए की गई प्रार्थना।
संभागायुक्त, कलेक्टर और एसपी ने सपत्नीक किया पूजन।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान महाकाल की आरती।
Dhanteras Pooja Mahakal Temple Ujjain: धनतेरस के पावन पर्व पर ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। आरोग्य, राष्ट्र कल्याण, सुख-समृद्धि और सर्वजन मंगल की कामना के साथ भगवान महाकाल का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में धार्मिक वातावरण के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन की परंपरागत विधियां संपन्न कराई गईं। श्री महाकालेश्वर मंदिर पुरोहित समिति की ओर से आयोजित इस विशेष पूजन में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
धनतेरस के अवसर पर उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक तथा पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने सपत्नीक भगवान श्री महाकालेश्वर का अभिषेक एवं पूजन किया। सभी अधिकारियों ने विधि-विधान से भगवान का पूजन-अर्चन कर आरती में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने भगवान महाकाल के समक्ष दीप प्रज्वलित कर परिवार, समाज और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
धर्म नगरी उज्जैन में विशेष पूजन-अर्चन श्री महाकालेश्वर मंदिर पुरोहित समिति के अध्यक्ष पं. लोकेन्द्र व्यास के नेतृत्व में संपन्न कराई गई। इस दौरान पुरोहित पं. भूषण व्यास, पं. विश्वास करहाडकर, नीरज शर्मा, पीयूष चतुर्वेदी, दीपक शर्मा, मंगलेश शर्मा, भावेश व्यास, संदीप शर्मा, सुभाष शर्मा, राधेश्याम शास्त्री, मुकेश शर्मा, शैलेन्द्र शर्मा, कमल शर्मा एवं सत्यनारायण जोशी ने धार्मिक अनुष्ठान की विधियां संपन्न कराईं। पुरोहितों ने वैदिक परंपराओं के अनुसार भगवान महाकाल का अभिषेक, पूजन और आरती कराई।
पूजन कार्यक्रम के दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह एवं मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने दीप प्रज्वलित किए। इस अवसर पर अधिकारियों ने दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। धनतेरस को आरोग्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ भगवान महाकाल के चरणों में प्रदेश और देशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।
धनतेरस के अवसर पर भगवान महाकाल के दरबार में आयोजित इस विशेष पूजन का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सुख-समृद्धि नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज और राष्ट्र के कल्याण की कामना भी रहा। अधिकारियों ने भगवान श्री महाकालेश्वर से देश में सुख-शांति, सद्भाव, आरोग्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। दीपावली के पावन पर्व से पहले बाबा महाकाल के दरबार में हुए इस धार्मिक आयोजन ने पर्व की आध्यात्मिक महत्ता को भी दर्शाया।