उज्जैन में सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
उज्जैन

सिंहस्थ 2028 से पहले CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, पंचकोशी के सभी पड़ाव बनेंगे पर्यटन ग्राम

CM Mohan Yadav In Ujjain: सिंहस्थ 2028 से पहले CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, पंचकोशी मार्ग के सभी पड़ाव बनेंगे पर्यटन ग्राम। उज्जैन में होटल कारोबारियों के लिए बनेगा सिंगल विंडो सिस्टम।

अजय नीमा, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • सिंहस्थ 2028 को लेकर CM मोहन यादव ने कीं बड़ी घोषणाएं।

  • 118 किमी लंबे पंचकोशी मार्ग के सभी पड़ावों को पर्यटक ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।

  • बोरेश्वर, दंगवाड़ा, गजनीखेड़ी और रुणीजा गांवों को ग्रामीण पर्यटन से जोड़ा जाएगा।

Simhastha 2028 Development Plans In Ujjain: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन के पर्यटन और होटल व्यवसाय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि 118 किलोमीटर लंबे पंचकोशी मार्ग के सभी पड़ावों को पर्यटक ग्राम घोषित कर उनका योजनाबद्ध विकास किया जाएगा। इसके साथ ही उज्जैन जिले के बोरेश्वर, दंगवाड़ा, गजनीखेड़ी और रुणीजा जैसे गांवों को भी ग्रामीण पर्यटन से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आवास और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करना जरूरी है। इसके लिए होटल व्यवसायियों को आगे आकर निवेश करना चाहिए।

इंदौर के प्रमुख व्यवसायियों के साथ सीएम ने की वन-टू-वन चर्चा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन के एक निजी होटल में उज्जैन और इंदौर के प्रमुख होटल व्यवसायियों के साथ वन-टू-वन चर्चा की। उन्होंने कारोबारियों से आगामी सिंहस्थ की जरूरतों को देखते हुए नए होटल, टेंट सिटी और होमस्टे विकसित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम होटल निर्माण के लिए 30 प्रतिशत तक अनुदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन क्षेत्र में निवेश करने वालों को प्रोत्साहित करेगी, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आवास सुविधाएं मिल सकें।

होटल कारोबारियों को सभी अनुमतियां एक ही जगह मिलेंगी

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने होटल व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं और अनुमतियों को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए उज्जैन में विशेष सेल बनाने की घोषणा की। इस सेल के माध्यम से होटल निर्माण और संचालन से संबंधित विभिन्न विभागों की एनओसी और अनुमतियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सिंहस्थ नजदीक है और तैयारियों में किसी भी तरह की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सरकार का उद्देश्य निवेशकों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से राहत देकर पर्यटन क्षेत्र में तेजी से विकास करना है।

570 से बढ़कर 16,500 होंगे होटल कमरे

मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ 2028 में 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताते हुए कहा कि उनके ठहरने, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अभी से व्यापक योजना बनानी होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में उज्जैन में होटलों के कमरों की संख्या करीब 570 थी, जो वर्ष 2028 तक बढ़कर लगभग 16,500 होने की संभावना है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए आवास क्षमता और बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने समाज और निजी क्षेत्र से भी इस महाआयोजन में सहयोग करने की अपील की।

2027 के बाद दिखाई देगा नया उज्जैन

कार्यक्रम में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन से उज्जैन में चहुंमुखी विकास हो रहा है। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए करीब 30 किलोमीटर लंबे घाट विकसित किए जा रहे हैं। सिलारखेड़ी योजना के माध्यम से सिंहस्थ में शिप्रा नदी के जल से स्नान कराने की योजना पर भी काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के बाद लोगों को एक नया उज्जैन देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल सहित होटल व्यवसायी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Kal Ka Mausam: दिल्ली में बढ़ेगी ठंड, 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट; बंगाल की खाड़ी से आ रहा चक्रवात अकवान

छठ के बाद घर लौटने की टेंशन खत्म! बिहार से दिल्ली-मुंबई समेत कई शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट

सुप्रीम कोर्ट ने संजय राउत को लगाई फटकार, कहा- माफी दिमाग से नहीं, दिल से आनी चाहिए

भारत समिट विवाद: सुप्रीम कोर्ट में याचिका, विदेशी नेता के वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे की SIT जांच की मांग

कोलकाता में आज से सागर सुरक्षा 2026 का आगाज, तटीय सुरक्षा मजबूत करने के लिए जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ अधिकारी