

उज्जैन में बीजेपी ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली।
शहीद पार्क से शुरू हुई पदयात्रा सान्दीपनि चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई।
सीएम मोहन यादव ने जनसभा में कांग्रेस पर देश को अस्थिर करने का आरोप लगाया।
CM Mohan Yadav Target Congress On SIR: भारतीय जनता पार्टी नगर एवं ग्रामीण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को उज्जैन में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली गई। शहीद पार्क से शुरू हुई यह पदयात्रा सान्दीपनि चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई।
पदयात्रा से पहले आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले करते हुए कहा कि जब-जब कांग्रेस को सत्ता नहीं मिलती, तब-तब वह देश को अस्थिर करने का प्रयास करती है। कार्यक्रम में नगर और ग्रामीण क्षेत्र के हजारों बीजेपी कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए।
सीएम मोहन यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और निष्पक्ष होना जरूरी है। यदि मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं या एक व्यक्ति का नाम पांच अलग-अलग स्थानों पर है, तो उन्हें हटाना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इस प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी के संविधान और लोकतंत्र संबंधी बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में करीब 90 बार सरकारें गिराई हैं और संविधान में भी कई बार संशोधन किए हैं। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस लोकतंत्र खतरे में होने की बात करती है, जबकि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद में अपनी बात रखने के बजाय बाहर बयानबाजी करना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और एनडीए जनकल्याण के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में बीजेपी और एनडीए की सरकारों को जनता का समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि वे जनता के बीच जाएं और अपने काम के आधार पर समर्थन मांगें। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2028 के विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी मजबूत प्रदर्शन करेगी और केंद्र में फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
पदयात्रा में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पदयात्रा प्रभारी जगदीश पांचाल ने किया।