रेस्क्यू ऑपरेशन करने पहुंची पुलिस (फोटो सोर्स- नवभारत) 
उज्जैन

उज्जैन: शिप्रा नदी में डूबने से 2 लोगों की मौत, भांजे को बचाने नदी में कूदे मामा की भी गई जान

Ujjain News : उज्जैन के महिदपुर में शिप्रा नदी के बड़े पुल पर दर्दनाक हादसा हुआ। चप्पल निकालने नदी में उतरे 14 वर्षीय किशोर को बचाने कूदे मामा की भी डूबने से मौत हो गई। ढाई घंटे बाद शव बरामद किए गए।

प्रीतेश जैन

Shipra River Accident: उज्जैन के महिदपुर नगर स्थित शिप्रा नदी के बड़े पुल पर एक दर्दनाक हादसे में मामा-भांजे की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि भांजे को बचाने के प्रयास में मामा ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज गहराई और पानी के बहाव के कारण दोनों की जान नहीं बच सकी।

जानकारी के अनुसार नारायणखेड़ी निवासी 14 वर्षीय आयुष अपने परिजनों के साथ शिप्रा नदी के बड़े पुल के पास था। इसी दौरान उसकी चप्पल नदी किनारे गिर गई। चप्पल निकालने के लिए वह नदी में उतर गया। शुरुआत में पानी कम होने के कारण उसे कोई खतरा महसूस नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही दूरी पर नदी की गहराई अधिक होने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा।

भांजे को बचाने में गई मामा की जान

आयुष को पानी में संघर्ष करता देख उसके 25 वर्षीय मामा आसाराम ने बिना समय गंवाए उसे बचाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आसाराम उस समय ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। भांजे को डूबता देखकर उसने ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा किया और तुरंत नदी में छलांग लगा दी। हालांकि नदी की गहराई अधिक होने और तैराकी में कठिनाई के कारण वह भी पानी में फंस गया। देखते ही देखते दोनों नदी में समा गए।

ढाई घंटे बाद मिले शव

घटना की सूचना मिलते ही महिदपुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक महीने पहले ही हुई थी शादी

हादसे के बाद नारायणखेड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार आसाराम की शादी महज एक माह पहले ही हुई थी। परिवार में खुशियों का माहौल अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि इस दर्दनाक घटना ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया। मामा-भांजे की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। महिदपुर पुलिस ने लोगों से नदी और जलाशयों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।

DUSU Election Result 2026 LIVE: वोटों की गिनती जारी, ABVP-NSUI में कांटे की टक्कर; हर अपडेट यहां

ट्रंप ने H-1B फीस को 12 महीने के लिए बढ़ाया, जानिए भारत के लोगों पर क्या पड़ेगा असर ?

कमर्शियल जहाज को निशाना बनाने का मुद्दा फिर UN में उठा, मनमाने दखल पर जताई चिंता; नाविकों की मौत पर सवाल

सरकारी नौकरी की ओर बढ़े कदम, 20वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे PM मोदी

Weather Update: राजस्थान से मानसून की विदाई के संकेत, अंडमान समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट