

Rewa keoti Waterfall Accident: रीवा के सिरमौर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध क्योंटी जलप्रपात में बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां दो युवक बाइक सहित गहरी खाई में गिर गए। हादसे की जानकारी कई घंटों तक किसी को नहीं लगी और यह घटना देर रात पुलिस गश्त के दौरान सामने आई। इसके बाद प्रशासन और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक किसी कार्य से जलप्रपात क्षेत्र की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खाई की ओर फिसल गई और दोनों युवक गहरी खाई में जा गिरे। स्थान की दुर्गमता और अंधेरे के कारण आसपास मौजूद लोगों को भी घटना का पता नहीं चल सका।
देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम को कुछ संदिग्ध संकेत मिले, जिसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। हालांकि खाई की गहराई, घना अंधेरा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी बाधाएं आईं।
गुरुवार सुबह से एसडीआरफ की विशेष टीम उपकरणों के साथ खाई में उतरी और दोनों युवकों की तलाश शुरू की। टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और रेस्क्यू कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
अधिकारियों का कहना है कि खोज अभियान पूरी गंभीरता के साथ जारी है और सभी संभावित स्थानों पर सर्च किया जा रहा है। जैसे ही कोई ठोस जानकारी मिलेगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा। फिलहाल दोनों युवकों की तलाश जारी है और रीवा जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही रेस्क्यू टीम को सफलता मिल सकती है।