क्रिकेटर उमेश यादव ने किए महाकाल के दर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
उज्जैन

सावन सोमवार और नागपंचमी के अनूठे संयोग पर महाकाल की भस्मारती, उमेश यादव ने किए बाबा महाकाल के दर्शन

Umesh Yadav Mahakal Darshan : सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के संयोग पर उज्जैन में महाकाल की भस्मारती हुई। क्रिकेटर उमेश यादव ने बाबा महाकाल और नागचंद्रेश्वर के दर्शन किए।

अजय नीमा, प्रीतेश जैन

Sawan Somwar Nag Panchami Mahakal : श्रावण मास के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अद्भुत संयोग पर उज्जैन में भक्ति और आस्था का अनूठा रंग देखने को मिला। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हजारों भक्त बाबा महाकाल के दर्शन और भस्मारती में शामिल होने के लिए मंदिर पहुंचे। इसी विशेष अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव भी पत्नी तान्या वाधवा के साथ उज्जैन पहुंचे और बाबा महाकाल तथा भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन किए।

महाकाल मंदिर के पट रात्रि करीब ढाई बजे खोले गए, जिसके बाद सुबह 3 बजे बाबा महाकाल की भस्मारती शुरू हुई। भस्मारती से पहले भगवान का जलाभिषेक और पंचामृत अभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से अभिषेक के बाद बाबा महाकाल का भांग और चंदन से आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद भगवान को वस्त्र धारण कराकर भस्म अर्पित की गई।

झांझ-मंजीरे और शंखनाद के बीच हुई भस्मारती

बाबा महाकाल की भस्मारती झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच संपन्न हुई। विशेष धार्मिक संयोग के चलते भस्मारती के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्तों ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और पुण्य लाभ लिया। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

उमेश यादव ने बाबा महाकाल और नागचंद्रेश्वर के किए दर्शन

नागपंचमी के अवसर पर भारतीय क्रिकेटर उमेश यादव अपनी पत्नी तान्या वाधवा के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। उन्होंने भस्मारती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वर्ष में केवल एक बार नागपंचमी के दिन खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर में भी दर्शन किए। मंदिर समिति और शहरवासियों की ओर से क्रिकेटर का स्वागत किया गया।

दोगुना हो गया आनंद: उमेश यादव

दर्शन और पूजन के बाद उमेश यादव ने कहा कि नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के साथ बाबा महाकाल की भस्मारती और दर्शन का सौभाग्य मिलना उनके लिए सोने पर सुहागा जैसा है। उन्होंने कहा कि सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी का अद्भुत संयोग होने से मन को अत्यंत प्रसन्नता और आनंद की अनुभूति हुई। उमेश यादव ने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आने से उन्हें हमेशा अलौकिक शांति मिलती है और जब भी बाबा का बुलावा आता है, वे दर्शन के लिए चले आते हैं।

शाम को नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा महाकाल

श्रावण-भादौ मास में सोमवार को बाबा महाकाल की सवारी निकालने की परंपरा है। इसी क्रम में सोमवार शाम बाबा महाकाल की सवारी नगर भ्रमण पर निकलेगी। धार्मिक मान्यता है कि राजा महाकाल सवारी के रूप में नगर भ्रमण कर अपनी प्रजा का हाल जानने निकलते हैं। सवारी के दर्शन के लिए शहर की सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। सावन सोमवार और नागपंचमी के संयोग के कारण उज्जैन में दिनभर धार्मिक उत्साह बना रहने वाला है।

आज की ताजा खबर 17 अगस्त LIVE: लखीसराय के अशोक धाम में भगदड़, कई श्रद्धालुओं की मौत

काठमांडू में जनरल धीरज सेठ का भव्य स्वागत, आज मिलेगा नेपाली सेना प्रमुख का मानद पद

Air India के 2 पायलटों का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव, 300 से ज्यादा की जांच, फाइनल रिपोर्ट आने तक ड्यूटी से हटे

नीति आयोग को मिला नया नेतृत्व: 1989 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग जैन बने नए CEO

BJP को शहजाद पूनावाला का बड़ा झटका! राष्ट्रीय प्रवक्ता समेत सभी पदों से दिया इस्तीफा, पार्टी को लेकर बड़ा बयान