Singrauli Tribal Man Beaten Viral Video: सिंगरौली के निगाही सीएचपी मधुकान क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक अनुसूचित जनजाति (एसटी) के व्यक्ति के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोग मूकदर्शक बने खड़े नजर आ रहे हैं।
इस घटना ने अब कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मीडिया रिपोर्ट अपने सूत्रों के हवाले से यह दावा कर रही है कि मारपीट के दौरान कुछ लोग हमलावरों को उकसा रहे थे। यहां तक कि पीड़ित के पैर तोड़ने जैसी बातें भी कही गईं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस पूरे मामले में मधुकान कंपनी से जुड़े कुछ अधिकारी भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। यहां तक की कांग्रेस ने इस वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। बता दें कि इस पूरे मामले की वजह से सिंगरौली के आस-पास के इलाकों में भी काफी आक्रोश है।
पीड़ित अन्ने लाल बैगा (40), निवासी घोरौली कला, अपनी पत्नी देवसिया बैगा के साथ एनसीएल निगाही गेट के पास सीएचपी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे लकड़ी बीनने गए थे। तभी बजरंग सिक्योरिटी के एमडी सिंह, सिक्योरिटी गार्ड प्रदीप पटेल और मधुकान कंपनी के विनीत पांडे वहां पहुंचे और उन पर स्क्रैप चोरी का आरोप लगाने लगे। पीड़ित ने बताया कि उसने खुद को लकड़ी बीनने वाला बताया लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए हॉकी से उसकी पिटाई शुरू कर दी।
थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि दो आरोपी एमडी सिंह और प्रदीप पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि सिंगरौली में एक असहाय आदिवासी व्यक्ति को अपशब्द कहकर बेरहमी से पीटे जाने का यह वीडियो मानवता को शर्मसार करता है।
यह भी पढ़ें: Rajgarh News: NH 46 पर भयानक हादसा, तीन-चार बार पलटी कार, एक युवती की मौत; दुर्घटना की तस्वीरें आई सामने
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को पीड़ादायक और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि हमारे आदिवासी भाई अन्ने लाल बैगा के साथ हुई मारपीट की घटना अत्यंत पीड़ादायक और निंदनीय है। आज वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे बात कर उनके हालचाल की जानकारी ली और पूरी घटना की सच्चाई जानी। उन्होंने बताया कि आदिवासी अंचलों में इस तरह की घटनाएँ आम होती जा रही हैं, जहाँ आदिवासी भाई बहनों के साथ मारपीट कर उन्हें डराया और धमकाया जाता है। मोहन सरकार में आदिवासी समाज के साथ हो रहे अत्याचार और अन्याय के खिलाफ मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी मजबूती से खड़े हैं।