

Jitu Patwari On Bjp Goverment: मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने BJP सरकार पर जनता की जान से खिलवाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा जिस पानी को लोग जीवन समझकर पीते हैं वही अब जहर बनता जा रहा है। हाल की घटनाओं में जहरीले पानी के कारण 36 लोगों की मौत हुई है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पटवारी ने बरगी बांध में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 9 लोगों की जान गई, लेकिन सरकार की ओर से संवेदनशील प्रतिक्रिया नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मां-बेटे के शव निकाले जा रहे थे, उस समय मुख्यमंत्री अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त थे।
पटवारी ने परिवहन व्यवस्था को लेकर कहा कि नियमों की कमी के कारण आदिवासी लोग ट्रकों और बसों की छतों पर यात्रा करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। ये सरकार की नीतिगत विफलता को दर्शाता है। उन्होंने किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार ने 2700 रुपए समर्थन मूल्य का वादा किया था, लेकिन 2600 रुपए में गेहूं खरीदी हो रही है।
धान के लिए 3100 रुपए का वादा किया गया था, लेकिन किसानों को 2200–2300 रुपए ही मिल रहे हैं। उन्होंने भावांतर योजना की राशि तत्काल किसानों के खातों में डालने की मांग की। PCC चीफ ने 7 मई को बड़वानी से मुरैना तक चक्काजाम करने का ऐलान करते हुए कहा कि यह कदम अन्नदाताओं के हित में उठाया जा रहा है, भले ही इससे आम लोगों को असुविधा हो।
न्यायपालिका पर टिप्पणी करते हुए पटवारी ने कहा कि आज लोगों के बीच न्याय व्यवस्था को लेकर अविश्वास की स्थिति बन रही है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदेश सरकार की स्थिति से अवगत कराएंगे।