एनएच 44 पर भीषण हादसे में छह लोगों की मौत के बाद प्रशासन का एक्शन।
जिला प्रशासन ने 150 से ज्यादा जगह चिन्हित कर हटाया अतिक्रमण।
देवरी फोरलेन बायपास से बीना तिराहे तक अभियान चालू।
Sagar Bulldozer Action More Than Hundred Places: मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे 44 पर हुए खौफनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। इस भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए हाईवे को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान शुरू कर दिया है।
लगातार तीन दिनों से प्रशासन का बुलडोजर चल रहा है। जिसके तहत अब तक ढावे, होटल और कॉलोनाइजरों के पक्के निर्माणों को हटाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अब तक प्रशासन ने करीब 150 से ज्यादा स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाने का काम किया है।
9 नवंबर 2026 को सागर जिले के चीमाढाना गांव के पास नेशनल हाईवे 44 पर एक भीषण हादसा हुआ था और इस हादसे में छह लोगों की जान चली गई थी। हादसे के बाद प्रशासन ने हाईवे पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने का फैसला लिया और अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। जिसके बाद राजस्व विभाग, पुलिस और एनएचएआई की टीम ने अपना अभियान शुरू किया।
जिला प्रशासन ने हादसे के बाद से ही कार्रवाई जारी रखी और तीसरे दिन देवरी फोरलेन वायपास पर सिलारी तिराहे से बीना तिराहे तक यह अभियान चलाया। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व अमले, पुलिस बल और एनएचएआई की टीम ने सड़क की दोनों तरफ की जमीन की नपाई शुरू की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के मुताबिक, विभाग ने सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण को चिह्नित किया और संबंधित लोगों को नोटिस भेजे। गौरतलब है कि इन नोटिस का भी कोई असर नहीं दिखा जिसके बाद अतिक्रमण वाले निर्माण को बलपूर्वक हटाया जा रहा है। जिससे सड़क की जमीन को मुक्त कराया जा सके।
हालांकि ऐसा देखा गया है कि प्रशासन हादसे के बाद ऐसी कार्रवाई करता है। लेकिन कुछ समय बाद दोबारा अतिक्रमण हो जाता है। ऐसे में अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद आगे क्या होता है।