

सीहोर ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा खुलासा।
आरोपियों ने कर्ज से बचने के लिए एक ही परिवार के तीन लोगों को उतारा मौत के घाट।
आरोपी जगदीश भिलाला और अनिल भिलाला पुलिस हिरासत में।
Sehore Triple Murder Case Two Accused Arrested: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा किया है। दरअसल, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सीहोर पुलिस की जांच में पता चला कि यह मर्डर दो लाख रुपये की उधारी को लेकर हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दो आरोपियों ने इस खौफनाक हत्या कांड को अंजाम दिया। आरोपी पहले तो राकेश मीणा के घर में घुसे और एक एक कर राकेश, उसकी पत्नी और बेटे को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने वह कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है जिससे परिवार के तीनों सदस्यों की हत्या की गई।
यह पूरी घटना बुधनी के कोरी मोहल्ले की है। सीहोर जिले की पुलिस को जांच में हत्या का कारण पैसों के लेनदेन का सामने आया, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मुख्य आरोपी जगदीश भिलाला ने राकेश मीणा से दो लाख रुपये का उधार लिया था और इसी रकम को ब्याज सहित राकेश को लौटाना था।
कर्ज की शर्तों के तहत जब तक पूरी रकम नहीं चुकाई जाती, तब जगदीश को अपनी फसल में से भी राकेश को हिस्सा देने की बात हुई थी। इसी वजह से मुख्य आरोपी जगदीश ने अपने साथी अनिल के साथ मिलकर इस ट्रिपल मर्डर का प्लान बनाया। साथ ही उसने अनिल को इस वारदात में शामिल होने के लिए पैसों का लालच दिया।
दरअसल, दोनों आरोपी 16 नवंबर को देर रात करीब 12 बजे राकेश मीणा के घर पर पहुंचे। उन्होंने पहले तो राकेश से बातचीत करने की बात कही और दरवाजा खुलवा लिया, जैसे ही आरोपी घर के अंदर हुए वैसे ही उन्होंने एक के बाद एक वार कर राकेश समेत उसकी पत्नी और बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया।
आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए सबूतों को नष्ट करने की कोशिश भी की। दोनों आरोपियों ने राकेश मीणा के फोन को टॉयलेट में फेंक दिया। हालांकि पुलिस ने फॉरेंसिक जांच और डॉग स्क्वाड की मदद से इस खौफनाक केस को सुलझा लिया।