

दौरे के अंतिम दिन केट मिडलटन ने एमिलिया विकस्टेड की लाल ड्रेस पहनी।
उन्होंने क्राफ्ट स्कूल और मैटरनिटी हॉस्पिटल का दौरा कर लोगों से मुलाकात की।
आत्मविश्वास और ऊर्जा का प्रतीक माना जाने वाला लाल रंग बेहद प्रभावशाली रहा।
Kate Middleton Red Dress Mumbai Visit: मुंबई दौरे के दौरान प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन का अंदाज हर दिन चर्चा में रहा। कभी वेस्टर्न आउटफिट में उनका क्लासी लुक दिखा, तो कभी भारतीय परिधान में उन्होंने अपनी खूबसूरती और शालीनता से लोगों का ध्यान खींचा।
लेकिन तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन पहनी गई उनकी लाल रंग की ड्रेस ने जैसे पूरे फैशन लुक पर अपनी खास छाप छोड़ दी। रेड ड्रेस में केट का कॉन्फिडेंट और गॉर्जियस अंदाज देखते ही बना।
केट मिडलटन और प्रिंस विलियम 16 नवंबर को अपने तीन दिवसीय मुंबई दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान केट के हर आउटफिट में एक अलग अंदाज नजर आया। दौरे की शुरुआत में उन्होंने ब्लू ड्रेस में क्लासी लुक अपनाया, वहीं अन्य कार्यक्रमों में ग्रीन ब्लेजर और व्हाइट ट्राउजर जैसे स्मार्ट कॉम्बिनेशन में भी नजर आईं।
17 नवंबर को अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड समारोह के दौरान भारतीय डिजाइनर महिमा महाजन के तैयार किए गए लाल अनारकली गाउन में उनका अंदाज बेहद खास रहा। इस आउटफिट में भारतीय कारीगरी और रॉयल स्टाइल का खूबसूरत मेल दिखाई दिया।
लेकिन 18 नवंबर को मुंबई दौरे के अंतिम दिन केट ने एक बार फिर रेड कलर को चुना। इस बार उनका आउटफिट ब्रिटिश डिजाइनर एमिलिया विकस्टेड का तैयार किया हुआ था। चमकदार लाल रंग की वूल क्रेप ड्रेस को इस तरह डिजाइन किया गया था कि वह जैकेट और स्कर्ट के कॉम्बिनेशन जैसी नजर आए।
इसकी फिटेड, ऑवरग्लास स्टाइल बॉडी और नीचे की ओर खुलती ए-लाइन स्कर्ट ने उनके लुक को आकर्षक बनाया। ड्रेस में सामने बटन, सजावटी पॉकेट और कॉलर पर नॉच लैपल्स भी दिए गए थे।
इस ड्रेस के साथ केट ने चॉकलेट ब्राउन रंग के मैनोलो ब्लाहनिक suede slingback शूज पहने। उन्होंने मोचा शेड का DeMellier x SurpRice हैंडबैग कैरी किया, जिसे वह अपने मुंबई दौरे के पहले दिन भी इस्तेमाल कर चुकी थीं। कानों में Cassandra Goad के आकर्षक इयररिंग्स और हाथों में गोल्डन बैंगल्स ने उनके लुक को और निखारा। खास बात यह रही कि उन्होंने एक स्थानीय व्यक्ति की ओर से उपहार में दिया गया बीडेड ब्रेसलेट भी पहना था।
लाल ड्रेस में केट ने मुंबई शहर के चाणक्य स्कूल ऑफ क्राफ्ट का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय कारीगरों के काम और पारंपरिक हस्तकला को करीब से देखा। इसके बाद उन्होंने नॉरोसजी वाडिया मैटरनिटी हॉस्पिटल का अकेले दौरा किया। यहां उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और नई माताओं से मुलाकात कर मातृत्व देखभाल और नवजात बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। इस तरह उनके आखिरी दिन का लुक सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके कार्यक्रमों की गंभीरता और गरिमा के साथ भी मेल खाता नजर आया।
लाल रंग को दुनिया की कई संस्कृतियों में शक्ति, साहस, ऊर्जा, जुनून और आत्मविश्वास का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि कई बड़े नेता, राजघरानों के सदस्य और सार्वजनिक हस्तियां खास मौकों पर लाल रंग के परिधान चुनते हैं।
कैमरे और भीड़ के बीच यह रंग आसानी से नजर आता है और पहनने वाले की मौजूदगी को प्रभावशाली बनाता है। मनोविज्ञान में भी लाल रंग को ऊर्जा और ध्यान आकर्षित करने से जोड़ा जाता है।
हालांकि हर व्यक्ति या नेता के लिए इसका अर्थ एक जैसा नहीं होता, लेकिन सही डिजाइन और मौके के साथ पहना गया रेड आउटफिट आत्मविश्वास, दृढ़ता और मजबूत व्यक्तित्व का संदेश दे सकता है। केट मिडलटन का मुंबई में आखिरी दिन का रेड लुक भी कुछ ऐसा ही प्रभाव छोड़ गया।