Highlights:
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मंच से पूछा- क्या इस्तीफा दे दूं?
कार्यक्रम में मौजूद भीड़ ने जवाब दिया- दे दो।
भील प्रदेश और BAP के समर्थन की अपील पर हुआ विरोध।
MLA Kamleshwar Dodiyar Resignation Viral Video : रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा सीट से विधायक कमलेश्वर डोडियार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वे बिरसा मुंडा जयंती के मौके पर आयोजित मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में भाषण देते हुए भीड़ से इस्तीफा देने की बात पूछते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनके राजनीतिक बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई थी।
वायरल वीडियो में विधायक डोडियार ने अपने संबोधन में भील प्रदेश बनाने का मुद्दा उठाया। साथ ही मध्य प्रदेश में भारत आदिवासी पार्टी के उम्मीदवारों को जिताकर सरकार बनाने की अपील की। इस पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए उन्हें राजनीतिक बातें नहीं करने की नसीहत दी। लोगों की मांग थी कि कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।
विरोध के बीच विधायक कमलेश्वर डोडियार नाराज हो गए। उन्होंने मंच से ही सवाल किया क्या इस्तीफा दे दूं? इस पर भीड़ में से आवाज आई दे दो। जवाब में विधायक ने कहा ठीक है, दे दूंगा, लेकिन उसके लिए भोपाल जाना होगा। इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विधायक के भाषण पर हुए विरोध के बाद कार्यक्रम में असहज स्थिति बन गई। इसे देखते हुए आयोजकों की ओर से मंच से सफाई दी गई। वक्ता ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि दो सामाजिक संगठनों ने मिलकर इसका आयोजन किया है। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि आयोजन का किसी भी राजनीतिक पार्टी से संबंध नहीं है।
बिरसा मुंडा जयंती के इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान के जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। मंच पर डूंगरपुर जिले की चौरासी सीट से विधायक अनिल कटारा और बागीदौरा से विधायक जेके पटेल ने भी शिरकत की। फिलहाल, विधायक और कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हुई तीखी बातचीत का वीडियो चर्चा में है।