भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर CM मोहन यादव का संदेश, बोले- जनजातीय समाज का सशक्तिकरण ही पूर्ण विकास की कुंजी

Birsa Munda Jayanti 2026 : जनजातीय गौरव दिवस पर सीएम ने जनजातीय नायकों को किया नमन, पेसा कानून, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार योजनाओं को बताया सरकार की प्राथमिकता।
CM Mohan Yadav Pays Tribute to Bhagwan Birsa Munda on Jayanti
जनजातीय गौरव दिवस पर सीएम का संदेशफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर CM मोहन यादव का संदेश।

  • 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

  • मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों को नमन किया।

  • भगवान बिरसा मुंडा और टंट्या मामा स्वरोजगार योजनाओं पर जोर।

CM Mohan Yadav Birsa Munda Jayanti Message : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर केवल जनजातीय समाज ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए आत्मसम्मान साहस और देशभक्ति को याद करने का दिन है। सीएम ने मध्यप्रदेश की आठ करोड़ जनता की ओर से भगवान बिरसा मुंडा सहित सभी जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के बिना प्रदेश का पूर्ण विकास संभव नहीं है।

भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान आज भी प्रेरणा का स्रोत

सीएम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक नाम नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। उन्होंने कम उम्र में अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ उलगुलान यानी क्रांति का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी राष्ट्रसेवा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।

जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत को बताया ऐतिहासिक

सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक पहल की थी। मध्यप्रदेश इस निर्णय का साक्षी और ध्वजवाहक बना। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनजातीय संस्कृति और परंपराएं उसकी पहचान हैं। ऐसे में जनजातीय गौरव दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने और जनजातीय समाज के जीवन को बेहतर बनाने का संकल्प है।

पेसा कानून से ग्राम सभाओं को अधिकार देने का दावा

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने पेसा कानून लागू कर जनजातीय समाज को जल, जंगल और जमीन से जुड़े फैसलों में अधिकार संपन्न बनाने की दिशा में कदम उठाया है। इसके तहत ग्राम सभाओं को स्थानीय संसाधनों के प्रबंधन में महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में स्थानीय समुदायों की भागीदारी और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करना है।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर सरकार का फोकस

सीएम के मुताबिक जनजातीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का विस्तार किया जा रहा है। वहीं सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारी से निपटने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत लाखों जनजातीय लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उपचार उपलब्ध कराया गया है।

स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं को मदद

सीएम यादव ने भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना और टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से जनजातीय युवाओं को आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि युवा आत्मनिर्भर बनें और रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें।

जनजातीय नायकों की विरासत को सहेजने का प्रयास

सीएम ने टंट्या भील, भीमा नायक, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह और रानी दुर्गावती जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान हस्तियों के बलिदान और इतिहास को जन जन तक पहुंचाने के लिए स्मारकों और संग्रहालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है।

CM Mohan Yadav Pays Tribute to Bhagwan Birsa Munda on Jayanti
भोपाल में दूषित पानी का खतरा ! पानी में E. coli मिलने का दावा, जानिए कितना खतरनाक होता है ये बैक्टीरिया

जनजातीय गौरव और अधिकारों की रक्षा का संकल्प

सीएम मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जिस समृद्ध, आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस पर सभी से जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए निरंतर काम करने का संकल्प लेने की अपील की। अपने संदेश के अंत में उन्होंने जय हिंद, जय मध्यप्रदेश और जय जोहार का उद्घोष किया।