Highlights:
राजगढ़ में संत रामपाल को न मानने और पूजा-पाठ करने को लेकर विवाद का आरोप।
मृतका के पिता का दावा- दामाद कहता था, ‘बाबा रामपाल ही सब कुछ हैं।’
पति पर पत्नी को कुल्हाड़ी से 11 वार कर मारने का आरोप।
घटना से पहले महिला ने पिता को फोन कर मदद मांगी थी।
आरोपी फरार, पुलिस उसकी तलाश में जुटी।
Rajgarh Wife Murder Case : राजगढ़ जिले के गुराड़खेड़ा गांव में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के पिता का आरोप है कि उनका दामाद संत रामपाल को सर्वोपरि मानता था और बेटी के पूजा-पाठ करने पर आपत्ति जताता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से 11 वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के पिता के मुताबिक, घटना से पहले उनकी बेटी ने फोन कर घबराते हुए कहा था कि पापा जल्दी आ जाओ, पति मुझे मार डालेगा। पिता का आरोप है कि उनका दामाद कहता था कि भगवान को मत मानो, बाबा रामपाल ही सब कुछ हैं। परिजनों के मुताबिक, मदद पहुंचने से पहले ही महिला पर हमला कर दिया गया। मामले में धार्मिक मान्यताओं को लेकर विवाद की बात फिलहाल परिजनों के आरोपों पर आधारित है।
घटना के बाद मृतका के मासूम बच्चे ने भी अपनी आपबीती सुनाई है। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि महिला पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए गए। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
राजगढ़ में हत्या की वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
राजगढ़ थाना प्रभारी मंजू मखोनिया ने बताया कि गुराड़खेड़ा गांव में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला के पति पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए राजगढ़ पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।