राजगढ़ में ड्राइवर की लापरवाही ने ली 9 जानें: रोकने के बाद भी पानी में बढ़ाई कार, नाले में बह गई ईको वैन

Rajgarh Flood News : राजगढ़ में ड्राइवर की लापरवाही से ईको वैन नाले में बह गई। ग्रामीणों के रोकने के बावजूद कार पानी में उतारी गई, हादसे में 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 9 की मौत हुई।
Rajgarh Eco Van Accident 9 People Dead
राजगढ़ में नाले में कार बहने से 9 लोगों की मौत(फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rajgarh Eco Van Accident: राजगढ़ जिले में ड्राइवर की लापरवाही ने एक ही परिवार के कई लोगों की जान ले ली। पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे तेज बारिश के बीच एक ईको वैन झिरी नाले में बह गई। हादसे में तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर मुकेश सिंह और हुकुम सिंह ने तैरकर अपनी जान बचाई। दोनों को सारंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, झिरी नाले पर बने निर्माणाधीन पुल के ऊपर तेज बहाव का पानी था। ग्रामीणों ने ईको वैन के ड्राइवर को रोककर आगे पानी भरा होने की जानकारी दी और गाड़ी नहीं निकालने की सलाह दी। इसके बावजूद ड्राइवर ने कार आगे बढ़ा दी। पुल पर रेलिंग नहीं होने और रास्ता पानी में डूबे होने के कारण ईको वैन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी और तेज बहाव में बह गई।

30 फीट का पुल निर्माणाधीन, पानी के बीच नहीं दिखा अधूरा रास्ता

पड़ाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट लंबा पुल निर्माणाधीन है। तेज बारिश के कारण नाले का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। ड्राइवर मुकेश सिंह के मुताबिक, उसे अधूरा पुल दिखाई नहीं दिया और कार पानी में उतर गई। हादसे के बाद एसडीएम रोहित बम्होरे, एसडीओपी अरविंद सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। SDERF की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और क्रेन की सहायता से ईको वैन को बाहर निकाला गया।

इलाज के लिए जा रहे थे, 15 मिनट रुके फिर बढ़ाई कार

हादसे में बचे ड्राइवर मुकेश सिंह ने बताया कि वे देवास जिले के सतवास क्षेत्र के धांसड़ गांव से कड़लावद जा रहे थे। परिवार की एक महिला को इलाज के लिए कनावड़ धाम ले जाया जा रहा था। नाले में बाढ़ आने के कारण ग्रामीणों ने उन्हें आगे जाने से मना किया था। वे करीब 15 मिनट तक रुके भी, लेकिन जल्द पहुंचने की बात कहकर परिजनों के दबाव में उन्होंने गाड़ी पानी में उतार दी। मुकेश ने बताया कि इसी फैसले के बाद कार तेज बहाव में फंस गई।

CM ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता घोषित की

हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर पीके शर्मा ने कहा कि निर्माणाधीन सड़क पर डायवर्जन के बोर्ड लगाए गए थे। उनका कहना है कि रास्ता पानी में डूबा था और ग्रामीणों ने ड्राइवर को रोकने की कोशिश भी की थी। इसके बावजूद वाहन आगे बढ़ाने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।

ये भी पढ़ें : MP में आफत की बारिश: भोपाल में 24 घंटे में गिरा 7 इंच पानी, 9 लोगों की मौत, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

हादसे में इन 9 लोगों की गई जान

हादसे में शंकर सिंह (50), उनकी पत्नी सागरबाई, रीनू (28) पत्नी हुकुम सिंह, राजवीर (3), जसप्रीत, विशाल चौहान, उनकी पत्नी पूजा (27), रिशिका और आनंद सिंह की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक ईको वैन मुकेश सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। हादसे के बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com