सागर: ऑनलाइन गेमिंग में गंवाए 8 लाख रुपए, कर्ज चुकाने के लिए चोर बन गया कोचिंग टीचर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Sagar Crime News : सागर में ऑनलाइन गेमिंग में 7 से 8 लाख रुपये गंवाने वाले कोचिंग शिक्षक को बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। कर्ज चुकाने के लिए शिक्षक चोर बन गया।
Sagar police arrested a coaching teacher in a motorcycle theft case
सागर पुलिस की गिरफ्त में आरोपीफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • सागर में बाइक चोरी के मामले में 24 वर्षीय कोचिंग शिक्षक अजय पटेल गिरफ्तार।

  • पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में करीब 7 से 8 लाख रुपये गंवा चुका था।

  • गोपालगंज पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध की पहचान की।

  • पूछताछ में बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीनने की घटना में शामिल होने की बात भी सामने आई।

  • मंगलसूत्र मामले में आरोपी की भूमिका की पुष्टि के लिए पुलिस जांच जारी।

Sagar Coaching Teacher Arrested : ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपये गंवाने और कर्ज बढ़ने के बाद सागर में एक कोचिंग शिक्षक पर बाइक चोरी और बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीनने की वारदात में शामिल होने का आरोप लगा है।

पुलिस ने 24 वर्षीय अजय पटेल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में करीब 7 से 8 लाख रुपये हार चुका था। पूछताछ में उसने कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलसूत्र छीनने की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस इस मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज से मिला संदिग्ध का सुराग

मामला सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को शिवाजी वार्ड के बाल हिलव्यू निवासी शालिकराम रैकवार ने बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग पढ़ाता था आरोपी

पूछताछ में युवक की पहचान अजय पटेल (24), निवासी तिली गांव के रूप में हुई। पुलिस का दावा है कि अजय ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ग्रेजुएट है और गोपालगंज क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग पढ़ाता था। वह शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है।

ऑनलाइन गेमिंग में हार गया 7 से 8 लाख रुपये

सागर पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन गेमिंग में लगातार नुकसान के कारण अजय पर करीब 7 से 8 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। बताया गया कि उसने किस्तों पर बाइक खरीदी थी और बाद में उसे गिरवी रखकर रुपये लिए। इन पैसों का कुछ हिस्सा कर्ज चुकाने में खर्च हुआ, जबकि शेष रकम ऑनलाइन गेमिंग में चली गई। नुकसान की भरपाई की उम्मीद में वह लगातार पैसे लगाता रहा, जिससे उसकी आर्थिक परेशानी बढ़ती गई। पुलिस इसी आर्थिक स्थिति को चोरी की वारदात के संभावित कारण के तौर पर देख रही है।

बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीनने के मामले में भी जांच

गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कोतवाली थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीनने की वारदात में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस इस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। इसके अलावा अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी उससे पूछताछ की जा रही है।

Sagar police arrested a coaching teacher in a motorcycle theft case
उज्जैन: रामघाट पर नाजिया खान ने किया पूर्वजों का तर्पण, बकरीद पर कुर्बान होने वाले जानवरों के लिए भी की बात

पुलिस कर रही है आगे की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने बरामदगी की पुष्टि की है, जबकि मंगलसूत्र छीनने की घटना में आरोपी की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com