Sanchi Railway Station Redevelopment: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्थित सांची रेलवे स्टेशन ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्टेशन है। विश्व प्रसिद्ध बौद्ध धरोहर स्थल सांची स्तूप के कारण यह स्टेशन देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाता है। भोपाल मंडल के अंतर्गत स्थित यह स्टेशन विभिन्न प्रमुख शहरों से रेल संपर्क द्वारा जुड़ा हुआ है और यात्रियों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। साँची स्टेशन को एनएसजी-4 कैटेगरी में वर्गीकृत किया गया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सांची रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास 15.32 करोड़ की लागत से किया गया है, जिसके तहत स्टेशन को आधुनिक, सुविधायुक्त एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत स्टेशन के बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार किए गए हैं।
स्टेशन भवन का उन्नयन कर उसे अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाया गया है। प्लेटफॉर्मों पर बेहतर शेड, आधुनिक बैठने की व्यवस्था तथा उन्नत सतह का निर्माण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले तथा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को आधुनिक रूप दिया गया है।
रेलवे स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया गया है, साथ ही पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाया गया है। साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ शौचालय, प्रतीक्षालय एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को उन्नत किया गया है।
दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए स्टेशन को ‘दिव्यांगजन अनुकूल’ बनाया गया है, जिसके अंतर्गत रैंप, टैक्टाइल पाथ एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही सुरक्षित आवागमन हेतु स्टेशन परिसर में बेहतर प्रकाश की व्यवस्था की गई है।
यह भई पढ़ें: MP News: जबलपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बस ट्रैकटर से टकराई; 6 लोगों की हालत गंभीर
सीनियर डीसीएम श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश के सांची स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया गया है। यह स्टेशन न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिक विकास को भी नई गति देगा।