

Bus And Tractor Trolley Accident Jabalpur: सुबह सुबह गोसलपुर हाईवे पर गेहूं लेकर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली और बस में टक्कर हो गई, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रैक्टर ट्रॉली दोनों पलट गए। इस घटना में बस में सवार करीब 40 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए जबकि ट्रैक्टर चालक तुरंत सड़क पर कूद गया जिससे उसे भी मामूली चोटें पहुंची हैं।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 10:30 बजे एक ट्रैक्टर ट्रॉली में किसान गेहूं लेकर गांधीग्राम की तरफ जा रहा था तभी कटनी से जबलपुर आ रही बस के चालक ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया और बस की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर ट्राली से टकरा गई। जिसके बाद बस और ट्रैक्टर ट्रॉली दोनों पलट गए।
इस हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे वाहन और आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे जिन्होंने तुरंत बस में से घायल यात्रियों को बाहर निकाला और निजी एवं एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। जानकारी के मुताबिक बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिसमें से 22 यात्रियों को सिहोरा अस्पताल भिजवाया गया, करीब 20 यात्रियों को गोसलपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिया गया जबकि 6 यात्रियों को ज्यादा चोटें होने के कारण उन्हें मेडिकल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया गलती बस ड्राइवर की सामने आई है, इसलिए बस ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही गोसलपुर और सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 108 व निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों का उपचार सिविल अस्पताल सिहोरा और मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, 18 घायलों का इलाज गोसलपुर में किया जा रहा है, 21 लोग सिहोरा अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 6 गंभीर रूप से घायल मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
गोसलपुर थाना प्रभारी गाजीवती पुषाम के मुताबिक यह दुर्घटना बस चालक की लापरवाही का नतीजा है। ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान बस सामने चल रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए बस को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।