Highlights:
मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड से लोग हुए परेशान।
6.8 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ करौंदी रहा प्रदेश में सबसे ठंडा।
प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पारा 15 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड।
भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर का अलर्ट जारी।
अगले 3 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं।
Madhya Prades Cold Wave Alert : मध्य प्रदेश में नवंबर के आखिरी दिनों में सर्दी ने अपने तेवर तीखे कर लिए हैं। रात के तापमान में लगातार गिरावट के चलते प्रदेश के कई शहर ठिठुरने लगे हैं। हालात ये हैं कि 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 6.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में भी ठंड का असर बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले दो से तीन दिन तक प्रदेश में सर्द हवाओं का असर बना रह सकता है।
मध्य प्रदेश में ठंड के बीच सबसे कम तापमान कटनी जिले के करौंदी में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दमोह में पारा 7 डिग्री रहा, जबकि शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शाजापुर के गिरवर में भी रात का तापमान गिरकर 7.7 डिग्री पर पहुंच गया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा में 9 डिग्री, खजुराहो और रायसेन में 9.6 डिग्री तापमान रहा। जबलपुर और उमरिया में पारा 9.8 डिग्री तक पहुंच गया।
छतरपुर के नौगांव में 10 डिग्री, राजगढ़ में 10.4, ग्वालियर में 10.5, गुना में 10.6, बालाघाट के मलाजखंड में 10.6, दतिया और मंडला में 11, सतना, सीधी, श्योपुर और छिंदवाड़ा में 11.2, इंदौर और उज्जैन में 12 डिग्री, रतलाम और टीकमगढ़ में 12.6, खरगोन में 13.4, खंडवा और शिवपुरी में 14 डिग्री और धार में पारा 14.9 डिग्री दर्ज किया गया। आज मौसम विभाग ने भोपाल समेत 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया है।
मध्य प्रदेश के मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी को माना जा रहा है। वहां से आ रही ठंडी हवाओं का असर मध्य प्रदेश तक पहुंच रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती+ है। अगर तापमान में इतनी गिरावट आती है तो प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है।