

Highlights
IMD ने 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक दक्षिण भारत में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया।
अंडमान-निकोबार में 30 नवंबर से 1 दिसंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई।
पूर्वी राजस्थान में शीतलहर और दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी।
Aaj Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक देश के अलग-अलग हिस्सों के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, दक्षिण भारत में अगले एक सप्ताह तक बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रह सकता है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच व्यापक बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 27 से 28 नवंबर तक शीतलहर चलने की आशंका है।
IMD के अनुसार, दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले सात दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। 27 से 28 नवंबर के बीच केरल, माहे और लक्षद्वीप में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक रुक-रुककर बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच केरल और माहे में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 27 से 28 नवंबर के बीच तथा तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 27 नवंबर को बारिश हो सकती है।
बारिश के साथ दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 27 से 28 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, केरल, माहे, लक्षद्वीप, रायलसीमा और तमिलनाडु-पुडुचेरी में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
केरल और माहे तथा तमिलनाडु-पुडुचेरी में 27 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में 26 और 27 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी 26 और 27 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 27 से 28 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके बाद 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 नवंबर और 1 दिसंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 27 से 28 नवंबर के बीच शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। इसके अलावा कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।27 नवंबर को असम और मेघालय में घना कोहरा छाने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 27 से 28 नवंबर तक कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश में 27 से 30 नवंबर तक और ओडिशा में 27 नवंबर को घने कोहरे की संभावना जताई गई है। वहीं, पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।